Jammu Kashmir: अत्याधुनिक हथियारों से लैस होगी जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्र से मिले 83 करोड़
केंद्र द्वारा दी राशि के आधार पर ही पुलिसकर्मियों के लिए अत्याुधनिक हथियार खरीदे गए हैं। उनके लिए बुलेट प्रूफ जैकेट और बुलेट प्रूफ हेलमेट की नई खेप लाई गई है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर पाक द्वारा प्रायोजित छद्म युद्ध का मुकाबला कर रही जम्मू कश्मीर पुलिस अब आधुनिक हथियारों से लैस होगी। यहीं नहीं विभाग का आधुनिकीकरण भी होगा। इसी के तहत केंद्र सरकार ने पिछले दो वर्ष में ही 83 करोड़ रुपये राज्य पुलिस संगठन को दिए हैं। राशि का इस्तेमाल आतंकियों का मुकाबला करने के लिए अत्याधुनिक हथियारों को खरीदने से लेकर पुलिस के मौलिक ढांचे में सुधार के लिए किया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2018-19 और वर्ष 2019-20 के दौरान सभी राज्यों और केंद्र शासित राज्यों के पुलिस संगठनों को क्रमश: 769 और 811 करोड़ दिए हैं। पूरे देश में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस को आधुनिकीकरण के लिए सर्वाधिक 83 करोड़ रुपये मिले हैं। महाराष्ट्र को 131 करोड़ और उत्तर प्रदेश को 98 करोड़ दिए गए हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस में डीआइजी रैंक के एक अधिकारी ने बताया कि केंद्र से मिली राशि के आधार पर राज्य में करीब 200 पुलिस थानों व चौकियों में मौलिक सुविधाएं जुटाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की आवासीय सुविधा, थाना परिसरों में मूलभूत आवासीय सुविधाओं का निर्माण, पुलिस थानों की चारदीवारी को ऊंचा करना, प्रवेश द्वार अभेद बनाना शामिल है।
बुलेट प्रूफ जैकेट और हेलमेट भी खरीदे
केंद्र द्वारा दी राशि के आधार पर ही पुलिसकर्मियों के लिए अत्याुधनिक हथियार खरीदे गए हैं। उनके लिए बुलेट प्रूफ जैकेट और बुलेट प्रूफ हेलमेट की नई खेप लाई गई है। आतंकवाद से प्रभावित इलाकों में थानों के लिए बुलेट प्रूफ वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। मौजूदा रक्षक वाहनों में आवश्यक सुधार के अलावा नए बुलेट प्रूफ वाहन, आइईडी डिटेक्टर और जैमर भी खरीदे गए हैं।
गृह मंत्रलय कर रहा समीक्षा
जम्मू कश्मीर पुलिस को बदलते परिवेश और लगातार बढ़ती चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह समर्थ बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। जम्मू कश्मीर पुलिस की ढांचागत सुविधाओं की गृह मंत्रलय लगातार समीक्षा कर रहा है। इसके तहत पुलिस की जरूरतों का आकलन किया जा रहा है।
अन्य राज्यों की तुलना में यहां पुलिस की अधिक चुनौतियां
देश के अन्य राज्यों व केंद्र शासित पुलिस संगठनों के विपरीत जम्मू कश्मीर पुलिस अत्यंत चुनौतीपूर्ण माहौल में काम कर रही है। यहां भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप हर क्षेत्र में पुलिस के सामने अलग-अलग जरूरतें और चुनौतियां हैं।