जम्मू हाट में लगा हस्तकला व हथकर्घा मेला, दूर-दूर से पहुंच रहे कद्रदान; कारीगरी को भी सराहा जा रहा
प्रदर्शनी में अधिकतर स्टाल विभाग के साथ पंजीकृत सहकारिता समितियों की ओर से स्थापित किए गए है। इसके अलावा कुछ महिलाओं ने अपने स्तर पर भी स्टाल लगाए है और उन्होंने खुद के बनाए हुए उत्पादों को बिक्री के लिए रखा है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के बीचोबीच जम्मू हाट में इन दिनों हस्तकला व हथकर्घा उत्पादों का मेला लगा हुआ है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से आयोजित इस हस्तकला व हथकर्घा उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की गई है जिसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से कारीगर अपने उत्पादों को लेकर पहुंचे है।
हाथ से बने इन दुलर्भ उत्पादों की खरीद के लिए जम्मू हाट में खरीदारों की भी अच्छी भीड़ उमड़ रही है। जिला उद्योग केंद्र जम्मू के तत्वाधान में आयोजित यह प्रदर्शनी 19 जून तक चलने वाली है। जम्मू-कश्मीर के हस्तकला व हथकर्घा उत्पादों को बढ़ावा देने व कारीगरों को बाजार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में करीब दो दर्जन स्टाल लगे है जिनमें बसोहली पेंटिंग से लेकर महिलाओं द्वारा तैयार वस्त्र, कश्मीरी कारीगिरी को उजागर करते लकड़ी के उत्पाद, फर्नीचर, सजावटी सामान व खिलौने उपलब्ध है।
प्रदर्शनी में अधिकतर स्टाल विभाग के साथ पंजीकृत सहकारिता समितियों की ओर से स्थापित किए गए है। इसके अलावा कुछ महिलाओं ने अपने स्तर पर भी स्टाल लगाए है और उन्होंने खुद के बनाए हुए उत्पादों को बिक्री के लिए रखा है। इस प्रदर्शनी में रोजाना करीब 200-250 लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रदर्शनी में अपने उत्पाद बेचने पहुंची कमला देवी के अनुसार वह पहली बार ऐसी प्रदर्शनी में अपने उत्पाद लेकर आई है और यह अच्छा मंच है जहां खरीदार भी मिल रहे हैं।
वहीं जिला उद्योग केंद्र जम्मू की जनरल मैनेजर सुबह मेहता के अनुसार प्रदेश के कारीगरों को बाजार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस एक महीने की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेहता ने जम्मूवासियों से इस प्रदर्शनी में आने व यहां प्रदर्शित दुलर्भ उत्पादों की खरीदारी कर कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील भी की।
मनोरंजन का भी है प्रबंध : हस्तकला व हथकर्घा प्रदर्शनी में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए भी जम्मू हाट में प्रबंध किए गए हैं। जम्मू हाट के बीचोबीच कलाकारों का एक मंच बनाया गया है जहां कलाकार रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते है। इसके अलावा एक स्टाल ऐसा भी है जहां जम्मू जिले की तस्वीर उकेरी गई है। यहां जम्मू के महत्वपूर्ण स्थलों के माडल प्रदर्शित कर जम्मू की खूबसूरती को निखारने का प्रयास किया गया है।