विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले हुई कहासुनी, फिर हाथापाई... अचानक दोस्त ने चला दी गोली, जम्मू-कश्मीर में दिनदहाड़े हत्या; इलाके में सनसनी 

Published: Tue, 06 Oct 2026 01:03 PM (IST)

विजयपुर के जख गांव में 25 वर्षीय युवक आतिश शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 30 ...और पढ़ें

जख में 30 लाख के लेन-देन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या। (फाइल फोटो)

जख में 30 लाख के लेन-देन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जख गांव में 25 वर्षीय युवक आतिश शर्मा की गोली मारकर हत्या।

  2. 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद।

  3. आरोपित दोस्त निखिल शर्मा को मौके से हिरासत में लिया गया।

जागरण संवाददाता, विजयपुर। विजयपुर थाना क्षेत्र गांव जख में दिनदहाड़े 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान आतिश शर्मा उर्फ अतुल पुत्र ओमकार नाथ शर्मा निवासी जख के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से ही गोली चलाने के आरोपित निखिल शर्मा पुत्र बावा दित्ता निवासी जख को हिरासत में ले लिया है। दोनों युवक पहले से एक-दूसरे के दोस्त बताए जा रहे हैं।

सोमवार दोपहर दोनों युवक एक साथ थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान निखिल के हाथ में पिस्तौल आ गई और गोली चलने से आतिश गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भी निखिल मौके पर मौजूद रहा, जहां पहुंची विजयपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के समक्ष 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि आतिश ने 30 लाख रुपये लेकर जमीन का सौदा करवाने की बात कही थी, लेकिन न तो रकम वापस की जा रही थी और न ही जमीन उपलब्ध करवाई जा रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों सोमवार को मिले थे।

आरोपित ने पुलिस को यह भी बताया कि आतिश कथित तौर पर अपने साथ पिस्तौल लेकर आया था। हालांकि, हाथापाई के दौरान पिस्तौल उसके हाथ लग गई और गोली चलने से आतिश की मौत हो गई। पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

आरोपित से पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घटना के प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है।

घटनास्थल से सबूत जुटाने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों और आरोपित से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से जख गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस और जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि घटना के बाद किसी तरह का तनाव न बढ़े।