Coronavirus: स्वस्थ हैं तो घर में मास्क पहनना जरूरी नहीं, वही मास्क जिंदगी को खतरे में डालने का काम भी कर सकती है
Coronavirus डॉक्टरों का कहना है कि परिवार में सभी सदस्य स्वस्थ हैं तो घर में मास्क पहनना जरूरी नहीं है। ऐसा सेहत के लिए घातक साबित हो सकता है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए हर किसी ने मास्क पहनना शुरू कर दिया है। प्रशासन ने भी घरों से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य किया है। लेकिन कुछ लोग मास्क पहनकर व्यायाम भी शुरू कर देते हैं, यह सेहत के लिए ठीक नहीं है। ऐसे अनजाने में यह लोग जिस जिंदगी की सुरक्षा के लिए मास्क पहनते हैं, वही मास्क उनकी जिंदगी को खतरे में डालने का काम भी कर देता है। विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि मास्क पहन कर व्यायाम करने से परहेज करना चाहिए। इससे कई बार शरीर को जरूरी ऑक्सीजन की मात्रा नहीं मिल पाती, जिससे स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि परिवार में सभी सदस्य स्वस्थ हैं तो घर में मास्क पहनना जरूरी नहीं है। इस समय जम्मू-कश्मीर में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है। हालांकि लॉकडाउन के कारण लोग सुबह और शाम को ही घरों से बाहर कम ही निकलते हैं। लेकिन कई लोग मास्क पहनकर अभी भी दौड़ते देख जा सकते हैं।
घर में सभी स्वस्थ हैं, तो मास्क जरूरी नहीं
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज शर्मा का कहना है कि कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनना जरूरी है। केंद्र और राज्य सरकारों ने भी इसे अनिवार्य किया हुआ है। जागरूकता के अभाव में कई लोग व्यायाम करते हुए भी मास्क पहन लेते हैं। ऐसा सेहत के लिए घातक साबित हो सकता है। ऐसे भी एक घंटे तक मास्क पहनने से कार्बनडाई ऑक्साइड की मात्रा बढ़ती है। उन्होंने विशेषतौर पर एन 95 मास्क पहनकर व्यायाम करने से बचने को कहा। इसका कारण मास्क का मल्टीलेयर होना है।
डॉ. नीरज का कहना है कि इससे सांस लेने में दिक्कत आती है। सर्जिकल मास्क घातक नहीं है। अगर आपके घर में सभी स्वस्थ हैं तो मास्क पहनने की जरूरत ही नहीं है। अगर घर में बुजुर्ग और बच्चे हैं तो उनके पास जाते समय मास्क पहनें। अन्यथा घर में आप बिना मास्क के एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाकर सुरक्षित रह सकते हैं।
व्यायाम करते समय मास्क न लगाएं
चेस्ट डिजीजेज अस्पताल जम्मू में क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव का कहना है कि अगर आप दौड़ते हैं तो ऑक्सीजन की पूर्ति के लिए सांस तेजी से लेते हैं। सामान्य हालत में यह 15 से 17 के बीच होता है लेकिन दौड़ते समय तीस से 37 के बीच में हो जाता है। इसका असर फेफड़ों पर पड़ता है। ऐसे में शरीर को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। इसलिए मास्क पहनने से परहेज करना चाहिए। इसके लिए अलग से मास्क बने होते हैं। उनमें वाल्व होते हैं जिनसे शरीर पर बुरा प्रभाव नहीं पड़ता है।
दौड़ते समय अधिक ऑक्सीजन में मास्क बाधक
खेलों में विशेषज्ञता रखने वाले फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रदीप महोत्रा का कहना है कि व्यायाम करते समय मास्क पहनने की जरूरत ही नहीं होती है। अगर आप दौड़ भी रहे हैं तो भी एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाकर दौड़ें। दौड़ते समय शरीर को ऑक्सीजन की अधिक मात्रा की जरूरत पड़ती है। इसीलिए मास्क पहनना घातक हो सकता है।
दमे के मरीजों के लिए भी खतरनाक
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज शर्मा का कहना है कि अधिक देर के लिए मास्क पहनना दमे के मरीजों के लिए भी घातक होता है। ऐसे में यह परिजनों का फर्ज बनता है कि वे ऐसे मरीजों का पूरा ध्यान रखें। वहीं मास्क को छह से आठ घंटे के बाद फिर से सैनिटाइज कर लेना चाहिए। इससे संक्रमण नहीं रहता।
लद्दाख में एक और पॉजिटिव, कुल सक्रिय संक्रमित 10 हुए
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल जिले में सोमवार को एक और मरीज कोरोना पॉजिटिव मिला है। प्रदेश में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है। इस समय लद्दाख में कोरोना संक्रमण को पराजित करने के लिए दूसरी पारी जारी है। इससे पहले लद्दाख में बड़े पैमाने पर चली मुहिम के बाद लेह व कारगिल जिलों के सभी 43 मरीजों को ठीक कर घर भेज दिया गया था। अब फिर नए मामले सामने आने लगे हैं। पिछले छह दिनों में लद्दाख में दस नए मामले आ चुके हैं। लद्दाख में अब तक 53 लोग संक्रमित हो चुके हैं। गत रविवार को कारगिल में तीन संक्रमित मरीज मिले थे। इस समय अस्पताल में उपचाराधीन दस मरीजों में से एक मरीज लेह जिले का व बाकी नौ कारगिल से हैं। सोमवार को दिल्ली भेजे गए लेह जिले के 76 व कारगिल जिलों के 51 सैंपल में से कारगिल जिले का एक सैंपल पॉजिटिव आया। अभी लेह जिले से भेजे गए 166 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। कारगिल में एक और मरीज के पॉजिटिव आने की पुष्टि सोमवार को लद्दाख के स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त सचिव रिगजिन सैंफल ने की। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि लद्दाख में स्थापित की जा रही कोविड टेस्ट लैब जल्द काम करना शुरू कर दे।
कोविड लैब शुरू :केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में सोमवार से कोविड टे¨स्टग लैब ने काम करना शुरू कर दिया है। लद्दाख के भाजपा सांसद जामियांग त्सीरिंग नांग्याल ने लेह के चुशोत योकमा इलाके में एसएनएम अस्पताल में स्थापित कोविड लैब का उद्घाटन किया।