विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिल्मों के रंग में रंगा जम्मू! अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में जुटे सिनेमा लवर्स, ‘इक्कीस’ ने जीता दर्शकों का दिल

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:42 AM (IST)

जम्मू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में फिल्म प्रेमियों ने स्थानीय सिनेमा और चर्चित फिल्म 'इक्कीस' की विशेष स्क्रीनिंग का ...और पढ़ें

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखा जम्मू का सिनेमा प्रेम। (फाइल फोटो)

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखा जम्मू का सिनेमा प्रेम (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन हुआ।

  2. स्थानीय फिल्म निर्माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

  3. चर्चित फिल्म 'इक्कीस' की विशेष स्क्रीनिंग की गई।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू की शाम मंगलवार को सिनेमा के नाम रही। शहर में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जेएंडके में फिल्म प्रेमियों को मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय सिनेमा की झलक और देश-विदेश के फिल्म जगत से जुड़ी प्रतिभाओं को करीब से देखने का अवसर मिला। जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, वेव माल सभागार का माहौल फिल्मी उत्साह से भर गया।

कार्यक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्र में फिल्म निर्माण से जुड़े निर्देशकों और निर्माताओं को सम्मानित किया गया। मां नी मिलदी, घुग्गी मार डुआरी, रीत, गीटियां, आऊं आं शिंदा, मौज मस्ती, लकीर, गल्लां ओइयां बितियां, मेहरूम, चन्न माही और फंतासियां जैसी फिल्मों से जुड़े फिल्मकारों का सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार, डीआइजी श्रीधर पाटिल, निदेशक पर्यटन विभाग विकास गुप्ता आदि भी मौजूद थे।

फिल्म ‘इक्कीस’ की विशेष स्क्रीनिंग

सम्मान समारोह के बाद फिल्म प्रेमियों का उत्साह और बढ़ गया। जब शाम 7 बजे से चर्चित फिल्म ‘इक्कीस’ की विशेष स्क्रीनिंग शुरू हुई।श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अगस्त्य नंदा, जयदीप अहलावत, सिमर भाटिया और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान दर्शक पूरी तरह कहानी और पर्दे पर चल रहे दृश्यों से जुड़े नजर आए। सिनेमा के शौकीनों के लिए यह शाम केवल फिल्म देखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों से मिलने और जम्मू में विकसित हो रही फिल्म संस्कृति को महसूस करने का अवसर भी बनी।

जम्मू में बढ़ रहा सिनेमा का क्रेज

महोत्सव ने यह अहसास कराया कि जम्मू में सिनेमा के प्रति दर्शकों की रुचि लगातार मजबूत हो रही है। स्थानीय फिल्मकारों के सम्मान और चर्चित फिल्म की स्क्रीनिंग ने कार्यक्रम को खास बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन के बाद जब दर्शक सभागार से बाहर निकले तो उनके बीच फिल्मों और कलाकारों को लेकर चर्चा जारी रही।

जम्मू की यह शाम सिर्फ पर्दे पर फिल्म देखने की शाम नहीं थी, बल्कि सिनेमा को जीने और महसूस करने का एक यादगार अनुभव बन गई। कार्यक्रम का मंच संचालन कुसुम टिक्कू ने किया।