Infiltration in Uri: उड़ी नियंत्रण रेखा पर आतंकी घुसपैठ का प्रयास, सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को किया ढेर
आतंकियों ने भारतीय सीमा में प्रवेश किया जवानों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक आतंकी वहीं मारा गया जबकि अन्य बचकर वापस भागने में सफल रहे। सैन्य सूत्रों ने बताया कि मारे गए आतंकी का शव अभी भी सीमा पर पड़ा साफ दिखाई दे रहा है।
श्रीनगर जेएनएन: पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ नापाक साजिश को अंजाम देते हुए उड़ी नियंत्रण रेखा से आतंकवादियों की घुसपैठ कराने का प्रयास किया। भारत के सतर्क जवानों ने न सिर्फ इस साजिश को नाकाम किया बल्कि घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों में से एक को वहीं ढेर भी कर दिया। अपनी योजना को नाकाम होते देख पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय चौकियों पर गोलीबारी भी की जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि को उत्तरी कश्मीर के जिला बारामुला में उड़ी इलाके में नियंत्रण रेखा से सटे दुलंजा पोस्ट पर तैनात जवानों ने पाकिस्तानी सीमा के भीतर कुछ हलचल होती देखी। उन्हें लगा कि कुछ लोग छुपते-छिपाते भारतीय सीमा में प्रवेश करने की फिराक में हैं। जवानों ने जब नाइटवीजन उपकरण की मदद से देखा तो उन्हें वे हथियार बंद आतंकवादी लगे। आतंकियों की संख्या दो से तीन के करीब बताई जा रही है।
जैसे ही आतंकियों ने भारतीय सीमा में प्रवेश किया जवानों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक आतंकी वहीं मारा गया जबकि बचकर वापस भागने में सफल रहे। सैन्य सूत्रों ने बताया कि मारे गए आतंकी का शव अभी भी सीमा पर पड़ा साफ दिखाई दे रहा है। उसके पास पड़ा हथियार भी नजर आ रहा है। अभी तक पाकिस्तानी सैनिकों ने शव को लेने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि अपनी साजिश को नाकाम होता देख पाकिस्तानी सैनिकों ने इस दौरान भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए कुछ समय तक गोलीबारी भी की परंतु जब भारतीय जवानों ने भी उसका मुंहतोड़ जवाब दिया तो उन्होंने गोलीबारी बंद कर दी।