विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K: एक तरफ पाक सीमा और दूसरी तरफ चिनाब, 30000 लोगों की लाइफलाइन बनेगा इंद्री पतन पुल; ₹206 करोड़ की लागत से बन रहा

Published: Fri, 30 Oct 2026 12:14 PM (IST)

206 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंद्री पतन चिनाब पुल अंतरराष्ट्रीय सीमा और चिनाब नदी के बीच बसे ...और पढ़ें

चिनाब पर बन रहे 206 करोड़ के पुल का निरीक्षण करते डिप्टी CM।

चिनाब पर बन रहे 206 करोड़ के पुल का निरीक्षण करते डिप्टी CM।

HighLights

  1. 206 करोड़ का इंद्री पतन चिनाब पुल निर्माणाधीन।

  2. परगवाल के 30 हजार लोगों को मिलेगी बड़ी राहत।

  3. उपमुख्यमंत्री ने काम में तेजी लाने के दिए निर्देश।

जागरण संवाददाता, परगवाल। एक तरफ पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा और दूसरी ओर चिनाब नदी के बीच बसे सीमावर्ती परगवाल क्षेत्र के करीब 30 हजार लोगों के लिए इंद्री पतन चिनाब पुल उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहा है। करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल पूरा होने के बाद क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती देने के साथ लोगों के लिए जीवनरेखा साबित हो सकता है। खासकर बरसात और बाढ़ के दौरान आवागमन में आने वाली परेशानियों से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने वीरवार को इंद्री पतन पहुंचकर चिनाब नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित निर्माण कंपनी के अधिकारियों को काम में तेजी लाकर परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अखनूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन लाल भगत भी मौजूद रहे।

सीमावर्ती क्षेत्र के लिए रणनीतिक और आर्थिक महत्व

इंद्री पतन चिनाब पुल केवल एक संपर्क परियोजना नहीं, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। वर्तमान में चिनाब नदी के कारण क्षेत्र के कई हिस्सों से संपर्क प्रभावित होता है।

बरसात और बाढ़ के समय स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में पुल के निर्माण से लोगों को वर्षभर बेहतर और अधिक सुगम संपर्क सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विद्यार्थियों से किसानों तक को फायदा

पुल बनने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक जाने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी।

व्यापारियों और रोजमर्रा के काम के लिए दूसरे क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों का समय और दूरी भी कम होने की संभावना है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने और विकास के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

जल्द पूरा करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी को काम की गति बढ़ाने और निर्धारित परियोजना को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। लंबे समय से बेहतर संपर्क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे परगवाल क्षेत्र के लोगों की नजर अब परियोजना के जल्द पूरा होने पर है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रधान गौरव मन्हास, पूर्व सरपंच भूपेंद्र सिंह, पूर्व सरपंच रामस्वरूप शर्मा, सुरजीत सिंह, पवन सिंह, कुलबीर सिंह और उत्तम सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।