Ceasefire Violation: राजौरी LoC पर पाक गोलाबारी में जवान शहीद, घायल महिला की भी मौत
फिलहाल दोनों और से गोलाबारी बंद है। सेना ने नौशहरा सेक्टर से सटे रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सचेत रहने को कहा है।
जम्मू, जेएनएन। जिला राजौरी के नौशहर सेक्टर में आज तड़के पाकिस्तान द्वारा किए गए सीजफायर उल्लंघन में एक भारतीय जवान शहीद हो गया। हालांकि भारतीय जवानों ने भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया। जवाबी हमले में दो से तीन पाकिस्तानी सैनिकों के घायल हाेने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि सैन्य अधिकारियों ने इस बारे में कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की है।
वहीं बालाकोट सेक्टर में गत बुधबार को पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान जीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की पहचान 65 वर्षीय हाकम बी पत्नी मोहम्मद शरीफ निवासी मेंढर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज तड़के पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशहरा सेक्टर में स्थित भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए मोटार्र दागना शुरू कर दिए। अचानक से शुरू की गई इस गोलाबारी के दौरान एक जवान इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत अस्पताल राजौरी सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया परंतु वहां जख्मों का ताव न सहते हुए जवान ने दम तोड़ दिया। शहीद जवान की पहचान हवलदार संबूर गुरूंग निवासी नेपाल के तौर पर हुई है। सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने जवान के शहीद होने की पुष्टि की है।
वहीं सैन्य सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान की इस कार्रवाई का जवाब भारतीय जवानों ने भी कड़ा दिया है। जवाब में की गई गोलाबारी में दो पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान दो से तीन पाकिस्तानी सैनिक गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। फिलहाल दोनों और से गोलाबारी बंद है। सेना ने नौशहरा सेक्टर से सटे रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सचेत रहने को कहा है।
पाक गोलाबारी में घायल महिला की मौत
मेंढर के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान जीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला की पहचान 65 वर्षीय हाकम बी पत्नी मोहम्मद शरीफ निवासी मेंढर के रूप में हुई है।
महिला बुधवार को पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे उपचार के लिए जीएमसी अस्पताल लाया गया था लेकिन शुक्रवार सुबह करीब दस बजे महिला ने जीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला का बेटा मोहम्मद रफीक जम्मू कश्मीर पुलिस में सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है और उसने बताया कि उनके इलाके में पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलाबारी की जा रही है जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। महिला की मौत के बाद उसके शव को उसके बेटे के हवाले कर दिया गया। महिला के शव का सब डिस्ट्रिक्ट अस्पताल मेंढर में पोस्टमार्टम किया जाएगा और उसके बाद उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।