यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IED मिलने के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आर्मी अलर्ट, सैन्य शिविरों में सुरक्षा पुख्ता; NIA भी ग्राउंड जीरो पर
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर नगरोटा इलाके में आईईडी मिलने के बाद सेना अलर्ट पर है। हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम ...और पढ़ें

जम्मू, जागरण संवाददाता। Indian Army Alert जम्मू के नगरोटा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की रात को आईईडी मिलने की जांच एनआईए ने शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की टीम मंगलवार को आईईडी मिलने वाली जगह गई और निष्क्रिय किए गए विस्फोटक के नमूने लिए। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संवेदनशील क्षेत्र में आईईडी (IED) से आशंका जताई जा रही है कि कहीं आतंकियों ने इस क्षेत्र में ठिकाना तो नहीं बना लिया है।
पुलिस, सेना व सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि आतंकी घटनास्थल के आसपास ही कहीं छिपे हो सकते हैं, जिनका इरादा आईईडी धमाके के बाद हमला करना रहा होगा। आतंकियों का यह षड्यंत्र जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना होने के कुछ घंटे पहले ही विफल किया गया है।
सैन्य शिविरों की सुरक्षा बढ़ाई गई
आतंकी षड्यंत्र को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से लगते सैन्य शिविरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। सेना ने भी जवानों को अलर्ट किया है। किसी भी संदिग्ध के सैन्य शिविर के पास दिखने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एनआईए के एसएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में आईईडी जांच शुरू की गई है। एनआईए आतंकियों के पूर्व में रहे मददगारों से भी पूछताछ कर रही है ताकि कोई सुराग मिल सके।
नगरोटा के पंजग्राई में मिली आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने रात करीब डेढ़ बजे ही निष्क्रिय कर दिया था, जबकि इस संदर्भ में नगरोटा थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मंगलवार सुबह राजमार्ग के आसपास गहरी खाइयों में भी सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। राजमार्ग पर खड़े ट्रकों की जांच की गई। खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।
पाकिस्तान से लाई गई थी IED
आईईडी के नमूनों को जांच के लिए फोरेंसिक लेबोरेटरी भेजा गया है। रात को इसे निष्क्रिय करने के पहले पुलिस ने जांच की थी जिस पर पीटीडी 3 एम लिखा हुआ था। यह विस्फोटक पाकिस्तान में तैयार किए जाने की बात कही जा रही है। सूत्रों का मानना है कि आईईडी कश्मीर से नहीं, बल्कि किसी सीमांत इलाके से पाकिस्तान से लाई गई थी। इसे आतंकियों ने वहां से उठाकर सक्रिय किया और बड़े धमाके के लिए नगरोटा के पंजग्राई इलाके में राजमार्ग किनारे लगा दिया।
