Jammu: शहर के प्रमुख बिजनेस ग्रुप के ठिकानों पर आयकर सर्वे
सर्वे के दौरान ग्रुप की संपत्ति से जुड़े कुछ दस्तावेज बैंक खातों की जानकारी व जमीनों में भारी निवेश के कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज विभाग के हाथ लगे हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता। आयकर विभाग ने वीरवार सुबह शहर के एक प्रमुख बिजनेस ग्रुप के करीब एक दर्जन ठिकानों पर एक साथ सर्वे शुरू किया। इस बिजनेस ग्रुप पर लाखों रुपये की टैक्स चोरी करने का आरोप है। ग्रुप की शहर में कई दुकानें, बड़े शोरूम, मार्केट व होटल के अलावा औद्योगिक इकाई भी है, जिन पर एक साथ विभागीय टीमों ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
इसके अलावा ग्रुप के मालिक व उनके निकटतम रिश्तेदारों के घरों पर भी यह सर्वे जारी है। वीरवार की सुबह पंजाब से विभाग की करीब डेढ़ दर्जन टीमें एक साथ जम्मू पहुंची और यहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ इन टीमों ने पुराने शहर के रघुनाथ बाजार, राज तिलक रोड, रेजीडेंसी रोड के निकट, गंग्याल व गांधी नगर स्थित इस ग्रुप के व्यापारिक प्रतिष्ठानों व घरों पर सर्वे शुरू किया।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सर्वे के दौरान ग्रुप की संपत्ति से जुड़े कुछ दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी व जमीनों में भारी निवेश के कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज विभाग के हाथ लगे हैं। इस ग्रुप के शहर में करीब एक दर्शन दुकानें व शोरूम है जो सुबह से बंद है और बाहर सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा है।