लद्दाख वालों के लिए बड़ी खबर, लेह में खुलेगा IIM जम्मू का कैंपस; 60 छात्रों से होगी शुरुआत, जानें क्या होगा खास?
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम), जम्मू और लद्दाख प्रशासन के बीच लेह में आइआइएम जम्मू का कैंपस स्थापित करने के लिए ...और पढ़ें

IIM जम्मू और लद्दाख प्रशासन के बीच एमओयू। (फाइल फोटो)
HighLights
आइआइएम जम्मू और लद्दाख प्रशासन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
लेह में आइआइएम जम्मू का नया कैंपस स्थापित होगा।
प्रबंधन, उद्यमिता, कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। लद्दाख के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम), जम्मू और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू का उद्देश्य आइआइएम, जम्मू का लेह में कैंपस स्थापित करना है।
यह समझौता लेह स्थित लोक निवास में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, आइआइएम, जम्मू के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन डा. मिलिंद पी कांबले और लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा की उपस्थिति में हुआ।
एमओयू पर आइआइएम, जम्मू के निदेशक प्रो. बीएस सहाय और लद्दाख प्रशासन की उच्च शिक्षा सचिव भानु प्रभा ने हस्ताक्षर किए।
लेह में IIM जम्मू का कैंपस क्या-क्या करेगा?
एमओयू के तहत आइआइएम, जम्मू शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आइआइएम, जम्मू लेह कैंपस में चार वर्षीय बीबीए (ऑनर्स) कोर्स शुरू करेगा। प्रारंभिक चरण में इसमें 60 विद्यार्थियों के प्रवेश का प्रस्ताव है। यह कैंपस केवल प्रबंधन शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्यमिता, नवाचार, इनक्यूबेशन, कौशल विकास, कार्यकारी शिक्षा, अनुसंधान, परामर्श और संस्थागत क्षमता निर्माण के लिए व्यापक इको-सिस्टम विकसित करने की योजना है।
साझेदारी के तहत विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग, फैकल्टी डेवलपमेंट, संस्थागत परामर्श और विभिन्न हितधारकों के लिए अनुकूलित क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आइआइएम, जम्मू की विशेषज्ञता का उपयोग नीति सहयोग, निगरानी एवं मूल्यांकन, सार्वजनिक नीति एवं एडवोकेसी, सामुदायिक विकास और एक्शन रिसर्च जैसे क्षेत्रों में भी किया जाएगा।
लेह कैंपस में कैसी होंगी सुविधाएं?
लद्दाख प्रशासन की ओर से प्रस्तावित ट्रांजिट कैंपस के लिए शैक्षणिक एवं हॉस्टल सुविधाएं, फर्नीचर, फैकल्टी एवं स्टाफ के लिए आवास तथा परिवहन जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया जाएगा। कैंपस को तकनीक-सक्षम और जलवायु-अनुकूल बनाने की योजना है, जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लर्निंग, हाइब्रिड शिक्षण और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
एमओयू का एक प्रमुख हिस्सा लेह में उद्यमिता और नवाचार इको-सिस्टम विकसित करना है। आइआइएम, जम्मू लद्दाख प्रशासन और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर उद्यमिता जागरूकता, मेंटरिंग, व्यवसाय विकास, नवाचार और इनक्यूबेशन को बढ़ावा देगा।
इसके अलावा आइआइएम, जम्मू के सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप, इनोवेशन एंड स्किल डेवलपमेंट की गतिविधियों को लेह तक विस्तार देने और उद्यमियों, स्टार्टअप तथा छोटे एवं पारिवारिक व्यवसायों के लिए बिजनेस एक्सेलेरेटर पहल विकसित करने की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी।
आइआइएम, जम्मू और लद्दाख प्रशासन के बीच हुआ यह समझौता लद्दाख में उच्च शिक्षा, प्रबंधन, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग का नया ढांचा तैयार करेगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं के लिए नए शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
