अगर कोई महिला अपनेआप को असुरक्षित महसूस करें तो तुरंत दबाएं ये हेल्प बटन
अगर कोई महिला कहीं भी अपने आप को असुरक्षित महसूस करती है तो मोबाइल फोन का एक बटन तुरंत उस तक मदद पहुंचाएगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू । अगर कोई महिला कहीं भी अपने आप को असुरक्षित महसूस करती है तो मोबाइल फोन का एक बटन तुरंत उस तक मदद पहुंचाएगा। बस उस महिला के फोन में हेल्प वूमेन एप होना चाहिए जिसे कोई भी अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।
इस एप को एंटी क्रप्शन एंटी क्राइम कमेटी की ओर से बनाया गया है और एप के इस्तेमाल की जानकारी संस्था के जम्मू कश्मीर सेल की प्रदेशाध्यक्ष मोनिका शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि आज देश भर में महिलाओं के प्रति ऐसा माहौल बन चुका है कि वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं व बच्चियों के साथ आपराधिक वारदातें भी लगातार हो रही हैं। ऐसी वारदातों को देखते हुए उनकी संस्था की ओर से हेल्प वूमेन एप जारी किया गया है।
इस एप को महिलाएं अपने एंड्राइड फोन में प्ले स्टोर से डाउनलोड कर लें और अगर कभी भी वे खुद को असहज या असुरक्षित महसूस करती हैं तो एप को खोल उसका हेल्प बटन दबाएं, उसे तुरंत मौके पर मदद मिलेगी।
मोनिका शर्मा ने बताया कि हेल्प बटन दबाते ही उनकी संस्था के कंट्रोल रूम में मैसेज आ जाएगा और उस महिला का फोन जीपीएस लोकेशन उनके पास पहुंच जाएगी। उनके कंट्रोल रूम से संबंधित क्षेत्र की पुलिस को सूचित किया जाएगा ताकि महिला को तुरंत मदद मिल सके।
उन्होंने बताया कि वह सिर्फ पुलिस को ही सूचित नहीं करेंगे बल्कि खुद भी इस पर तब तक नजर रखेंगे जब तक उचित कार्रवाई नहीं हो जाती। उन्होंने लोगों से इस एप बारे अपने घर की महिलाओं व बच्चियों को जानकारी देने की अपील भी की।
मोनिका शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था स्कूल, कॉलेजों में भी जाकर छात्राओं को इस एप बारे जानकारी देगी ताकि उन्हें इस बारे जागरूक किया जा सके। पत्रकारवार्ता में संस्था की प्रदेश सचिव मीनाक्षी शर्मा भी मौजूद थीं। उन्होंने भी एप के फीचर व इसके इस्तेमाल बारे जानकारी दी।