जम्मू-कश्मीर में 31 अगस्त तक उमस और गर्मी, कई इलाकों में होगी तेज बारिश; बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर में 31 अगस्त तक उमस भरा और गर्म मौसम रहने का अनुमान है, जिसमें 29 से 31 अगस्त के ...और पढ़ें
-1787438393231_m.webp)
जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो
HighLights
जम्मू-कश्मीर में 31 अगस्त तक गर्म और उमस भरा मौसम।
29-31 अगस्त के बीच जम्मू संभाग में हल्की से मध्यम बारिश।
अचानक बाढ़, भूस्खलन की चेतावनी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक मौसम के गर्म और उमस भरा रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 अगस्त को जम्मू संभाग के कई हिस्सों में सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश या गर्ज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जिलों में इस दौरान थोड़े समय के लिए तेज बारिश होने की भी संभावना है।
23 से 28 अगस्त तक भी मौसम आमतौर पर गर्म और उमस भरा रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर सुबह और दोपहर के समय बारिश या गर्ज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
वहीं 29 से 31 अगस्त के बीच जम्मू संभाग में मौसम का मिजाज कुछ अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस अवधि में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सुबह और दोपहर के समय कुछ इलाकों में अचानक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लोगों के लिए सलाह जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि स्थानीय स्तर पर होने वाली तेज बारिश से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
शनिवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री रहा।पिछले 24 घंटे में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कश्मीर संभाग में श्रीनगर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।
पहलगाम में अधिकतम तापमान 25.5 और न्यूनतम 15.4 डिग्री रहा। पहलगाम में पिछले 24 घंटों में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 20.8 और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा।जम्मू संभाग में कटड़ा का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री, न्यूनतम 23.5 डिग्री, बनिहाल का 28.4 और 18.5 डिग्री, बटोत का 27.4 और 19.0 डिग्री तथा भद्रवाह का 29.6 और 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
