Positive India: 50 हजार मास्क तैयार करवा रहा होटल व रेस्तरां संघ कटड़ा
कोरोना से लड़ने के लिए जिला स्तर के फंड जुटाने में प्रशासक औकाफ एवं शाहदरा शरीफ कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल कयूम डार ने जिला आपदा प्रबंधन कोष में 11 लाख का योगदान दिया।
कटड़ा, संवाद सहयोगी। जिला रियासी के सभी लोगों को मास्क उपलब्ध हो, इसको लेकर जहां प्रशासन लगा हुआ है, वहीं दूसरी ओर कटड़ा होटल व रेस्तरां संघ भी आगे आया है। होटल व रेस्तरां संघ ने पहले चरण में 50,000 मास्क बनाने का निर्णय लिया है। उसने कपड़ा लेकर महिलाओं को मास्क बनाने के लिए उपलब्ध करवा दिया है और महिलाएं निरंतर मास्क बना रही हैं। दस दिन के भीतर पूरे 50,000 मास्क बनकर तैयार हों, इसके लिए होटल व रेस्तरां संघ के आग्रह पर करीब 15 सेल्फ हेल्प ग्रुप कार्य कर रहे हैं। एक ग्रुप में करीब पांच महिलाएं हैं, जो तेजी से अपना कार्य जारी रखी हुई हैं।
होटल व रेस्तरां संघ कटड़ा के प्रधान राकेश वजीर ने बताया कि जिला रियासी विशेषकर नगर कटड़ा व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को निशुल्क मास्क उपलब्ध हो, इसके लिए होटल व रेस्तरां संघ आगे आया है। आगामी 10 दिन के भीतर 50,000 मास्क तैयार करवाए जाएंगे। इनमें से करीब 20,000 मास्क प्रशासन को उपलब्ध करवाए जाएंगे। बाकी 30,000 मास्क खुद होटल व रेस्तरां संघ के सदस्य नगर कटड़ा में घर-घर जाकर लोगों को निशुल्क वितरित करेंगे, ताकि मास्क को लेकर किसी भी कटड़ावासी को परेशानी न हो। अगर निकट भविष्य में और ज्यादा मास्क बनाने की जरूरत पड़ी तो होटल व रेस्तरां संघ और भी ज्यादा मास्क बनाएगा।
मास्क बनकर तैयार होते ही होटल व रेस्तरां संघ के सदस्य अलग-अलग टीमें बनाकर नगर कटड़ा के सभी 13 वार्डो के साथ ही आसपास के गांवों में जाकर ग्रामीणों को निशुल्क मास्क उपलब्ध करवाएंगे। हालांकि वर्तमान में मास्क को लेने के लिए नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिनको मास्क उपलब्ध हो रहे हैं, वे भी दोगुने से चौगुने दाम पर। नगरवासियों की इस परेशानी को लेकर होटल व रेस्तरां संघ आगे आया है और जल्द ही नगर वासियों को निशुल्क मास्क उपलब्ध करवाए जाएंगे।
प्रशासक औकाफ व उनकी पत्नी ने 14.50 लाख आपदा कोष में दिए
कोरोना से लड़ने के लिए जिला स्तर के फंड जुटाने में प्रशासक औकाफ एवं शाहदरा शरीफ कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल कयूम डार ने जिला आपदा प्रबंधन कोष में 11 लाख का योगदान दिया। उनकी पत्नी शमीम अख्तर ने अपने व्यक्तिगत खाते से साढ़े तीन लाख का चेक जिला आयुक्त को दिया। डीसी मुहम्मद नजीर शेख व अतिरिक्त जिला आयुक्त ठाकुर शेर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता ताजीम डार मौजूद थे। शेख ने आपदा प्रबंधन कोष में दिए पैसे के लिए प्रशासक औकाफ और उनकी पत्नी के प्रयासों की सराहना की। डीसी ने बताया कि प्रशासन के पास आपदा प्रबंधन कोष में 25 लाख की राशि है। सभी की यह सामाजिक जिम्मेदारी है कि वे मदद के लिए आगे आएं। जरूरतमंद परिवारों को जरूरी सामान मुहैया कराने के अलावा दान दें। इस राशि का इस्तेमाल जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए किया जाएगा।
कोरोना के खिलाफ जंग में नहीं आने देंगे धन की कमी
प्रधानमंत्री की अपील पर बहुत से लोग प्रधानमंत्री केयर फंड में दान देने के लिए आगे आ रहे हैं। संत दिनेश भारती ने एक लाख, वार्ड 65 की कॉरपोरेटर अनीता शर्मा ने 51 हजार, वार्ड 40 की कॉरपोरेटर नीलम कुमारी ने 11 हजार और प्रधान स्वीट शॉप के मालिक सुधीर प्रधान ने 21 हजार के चेक जम्मू के मेयर चंद्रमोहन गुप्ता को सौंपे। लोगों ने कहा है कि वे कोरोना के खिलाफ देश की जंग में धन की कमी नहीं आने देंगे। दानदाताओं ने लोगों से अपील की है कि वे जितना संभव हो प्रधानमंत्री केयर फंड में मदद करें।