Jammu: हरियाणा की सिमरण ने सीनियर नेशनल ऑनलाइन प्रो पेनसेक सिलट में स्वर्ण जीता
स्वर्ण पदक विजेताओं को 1111 रुपए रजत पदक विजेताओं को 711 रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 511 रुपए देकर सम्मानित किया गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता : हरियाणा की सिमरण ने सीनियर नेशनल ऑनलाइन प्रो पेनसेक सिलट प्रतियोगिता में महिलाओं के 17 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दमन एवं दियु की फिलिया एलेग्जेंडर थामस ने भी 35 वर्ष से ऊपर के वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इंडियन पेनसेक सिलट फेडरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि लॉकडाउन में भी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता करवाई जा रही है। 15 से 17 मई तक आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता में देशभर से 150 खिलाड़ियों ने पुरुष एवं महिलाओं के 17 वर्ष और 35 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग में भाग लिया।
महिलाओं के सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग में महिलाओं के वर्ग में हरियाणा की सिमरण ने 31 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश की भूमिका जैन ने 30 अंकों के साथ रजत, हरियाणा की सोनिया ने 29.5 अंकों के साथ पहला कांस्य और महाराष्ट्र की मृणाल नितिन कांबली ने 25 अंकों के साथ दूसरा कांस्य पदक जीता।
पुरुषों के इसी आयुवर्ग में मणिपुर के नोरीम बोनाओ सिंह ने 31.5 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर के सिनाम सिंह ने 30 अंकों के साथ रजत पदक, मणिपुर के याखूम रोहित ने 29.5 अंकों के साथ पहला कांस्य पद और महाराष्ट्र के अंशुल कांबली ने 27.5 अंकों के साथ दूसरा कांस्य पदक जीता। पुरुषों के मास्टर वर्ग के 35 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग में केरल के मोहम्मद अली ने 27.5 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। दमन एवं दियु के एलेग्जेंडर थामस ने 22 अंक लेकर रजत पदक और राजस्थान के मोहम्मद इकबाल मोयाल ने 20.5 अंकों के साथ कांस्य पदक अर्जित किया।
महिला वर्ग में दमन एवं दियु की फिलिया एलेग्जेंडर थामस ने 26.5 अंकों हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की किरण कश्यप ने 24 अंक लेकर रजत पदक और राजस्थान की शोभा सरावत ने 18 अंक लेकर कांस्य पदक जीता। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के पदक विजेताओं को ई सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया और पदक विजेताओं के बैंक खातों में इनाम राशि ट्रांसफर कर दी गई है। स्वर्ण पदक विजेताओं को 1111 रुपए, रजत पदक विजेताओं को 711 रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 511 रुपए देकर सम्मानित किया गया।
जम्मू विवि में वेब टॉक आयोजित: जम्मू विश्व विद्यालय ने नए विश्व और कोविड- 19 विषय पर वेब टॉक का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. अनुराग गगल ने अपने भाषण में कोरोना से उपजे हालात के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया। कोरोना से बचाव के लिए हमे शारीरिक दूरी बनाए रखनी है। नियमों का पालन करना है। अभी तक कोई वैक्सीन नहीं बनी है। लॉकडाउन को सही कदम बताते हुए उन्होंने कहाकि हम सब का सहयोग जरूरी है। जम्मू विवि के वीसी प्रो. मनोज धर ने कहा कि वेब टॉक सीरिज आयोजित करने का मकसद है कि विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाए। इसमें अध्यापकों और विद्यार्थियों को शामिल किया जा रहा है। वेब टॉक में रजिस्ट्रार प्रो. रजनी ढींगरा, डा. मीनाक्षी किलम, प्रो. विश्व रक्षा, विनय ठुस्सु के अलावा अध्यापकों, स्कालरों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।