Gandhi jayanti 2019: गांधी जयंती पर जम्मू आएंगे भाजपा नेता, गांधी संकल्प यात्रा करेंगे शुरू
Happy Gandhi Jayanti भाजपा नेता राम माधव बुधवार को जम्मू में गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ करने के लिए आ रहे हैं। यात्रा की शुरुआत जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। Mahatma Gandhi 150th Birth anniversary 2019 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव बुधवार को जम्मू में गांधी संकल्प यात्रा का शुभारंभ करने के लिए आ रहे हैं। यात्रा की शुरुआत जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगी। इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों में वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में महात्मा गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा ने इस अभियान को कामयाब बनाने के लिए जम्मू कश्मीर में बड़े पैमाने पर तैयारी की है। ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) चुनाव की घोषणा से यात्रा के शेड्यूल में कुछ तब्दीली भी की गई है। बुधवार को राम माधव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना व जम्मू-पुंछ के भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नेता व कार्यकर्ता पांच किलोमीटर पैदल यात्रा कर बापू का संदेश फैलाएंगे।
यात्रा सुबह करीब 11 बजे जानीपुर से शुरू होकर न्यू प्लाट, सरवाल, रिहाड़ी कॉलोनी, सुभाष नगर व शिवनगर होते हुए शक्ति नगर के ओम पैलेस में संपन्न होगी। राम माधव यात्रा का शुभारंभ करने के साथ बीडीसी चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं से बैठक भी करेंगे। बीडीसी चुनाव के कारण अक्टूबर में यात्राएं रोक दी जाएंगी।
चुनाव संपन्न होने के बाद तीन नवंबर से 12 नवंबर तक फिर से यात्राओं का आयोजन कर बापू के संदेश को फैलाया जाएगा।बापू के सिद्धांतों पर अमल करने का दिया जाएगा संदेश दो अक्टूबर से शुरू हो रहे अभियान के दौरान हर नेता को 150 किलोमीटर पैदल यात्रा करनी होगी।
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा की गांधी संकल्प यात्रा से लोगों को संदेश दिया जाएगा कि वे राष्ट्रपिता के खादी, स्वदेशी, आत्मनिर्भरता व स्वच्छता के सिद्धांतों पर अमल कर समाज की बेहतरी के लिए कार्य करें। जम्मूवासी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करें।