विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ये क्या बात हुई! जम्मू में स्कूल में पंखा टूटा तो बच्चों से मांगे 50-50 रुपए, धूप में खड़ा करने का भी आरोप; 4 बेहोश

Published: Wed, 26 Aug 2026 01:49 PM (IST)

जम्मू के एक सरकारी स्कूल में पंखा टूटने पर छात्रों से कथित तौर पर 50 रुपये जुर्माना मांगने को लेकर ...और पढ़ें

पंखा टूटा तो स्कूल प्रबंधन ने बच्चों से मांगा जुर्माना।

पंखा टूटा तो स्कूल प्रबंधन ने बच्चों से मांगा जुर्माना।

HighLights

  1. स्कूल में पंखा टूटने पर छात्रों से जुर्माना मांगा।

  2. जुर्माना न देने पर छात्रों को धूप में खड़ा किया गया।

  3. अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू के ग्रेटर कैलाश के लोअर चौआदी स्थित सरकारी हाई स्कूल में कक्षा में पंखा टूटे मिलने के बाद छात्रों से कथित तौर पर 50-50 रुपये जुर्माना मांगने को लेकर विवाद हो गया। छात्रों ने इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी। उसके बाद स्जवों ने बच्चों के साथ स्कूल पहुंचकर विरोध जताया और हंगामा किया।

विद्यार्थियों का आरोप है कि नौवीं कक्षा के एक कमरे में पंखा टूटा मिलने पर शिक्षकों ने बिना जांच किए छात्रों पर पंखा तोड़ने का आरोप लगाया और प्रत्येक से 50 रुपये देने को कहा। छात्रों का यह भी आरोप है कि कुछ बच्चों को सजा के तौर पर धूप में खड़ा किया गया और उनमें चार बच्चे बेहोश होकर गिर भी गए थे।

विद्यार्थियों ने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले छात्रों से भी शिक्षकों ने जुर्माने के नाम पर पैसे मांगे। छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल की बदहाल आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए।

अभिभावकों का कहना है कि स्कूल की कई कक्षाओं में पहले से पंखे खराब या टूटे हुए हैं। कुछ स्थानों पर बिजली के तार भी लटक रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से सुविधाओं की मरम्मत और छात्रों के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रिंसिपल ने आरोपों को खारिज किया

वहीं स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रों और अभिभावकों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंखे छात्रों ने तोड़े हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने किसी भी छात्र से जुर्माना वसूलने को नहीं कहा। प्रिंसिपल ने शारीरिक दंड दिए जाने के आरोप से भी इन्कार किया है।

उन्होंने कहा कि मामले को लेकर स्कूल स्तर पर स्थिति स्पष्ट की जा रही है और छात्रों से बातचीत कर वास्तविक तथ्य सामने लाए जाएंगे। हंगामे के बाद स्कूल परिसर में काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और बच्चों की सुरक्षा तथा सुविधाओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।