गेंदे में अच्छा मुनाफा, एक साल में ले सकते हैं चार फसल
अगर आप गेंदे के फूलों की खेती में पूरी तरह से आना चाहते हैं तो साल में चार फसलें लेकर मोटा मुनाफा कमा सकते हैं।
जम्मू, [जागरण संवाददाता]। अगर आप गेंदे के फूलों की खेती में पूरी तरह से आना चाहते हैं तो साल में चार फसलें लेकर मोटा मुनाफा कमा सकते हैं। इस बारे में फ्लोरिकल्चर विभाग के फील्ड असिस्टेंट परमदीप सिंह किसानों को ज्यादा जानकारी दे रहे हैं।
उनका कहना है कि गेंदे की खेती जम्मू क्षेत्र के लिए सवरेत्तम है। पूरे साल इसकी खेती की जा सकती है। जम्मू में जनवरी माह में हाईब्रीड गेंदा लगाया जा सकता है जो कि मार्च में तैयार होने लगेगा और जून तक कमाई कराता रहेगा। उसके बाद जुलाई में देसी गेंदा लगाया जा सकता है। इसे बरसाती गेंदा भी कहते हैं क्योंकि यह कम पानी में यानी बरसात के पानी से भी तैयार हो जाता है।
यह गेंदा दीपावली पर किसानों को अच्छी कमाई कराएगा। उसके तुरंत बाद छोटे गेंदे के फूल जिसे गुट्टी कहते हैं, की दो फसलें जनवरी तक ली जा सकती है। ऐसे में अगर किसान गेंदे के फूलों की खेती का मन बना लें तो हर फसल पर प्रति कनाल 20 हजार रुपये की कमाई कर सकता है।