प्रभु यीशु की याद में मनाया गया गुड फ्राइडे
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : प्रभु यीशु की याद में शुक्रवार को गुड फ्राइडे का त्योहार मनाया गया। आरएसपुर
संवाद सहयोगी, आरएसपुरा : प्रभु यीशु की याद में शुक्रवार को गुड फ्राइडे का त्योहार मनाया गया। आरएसपुरा में होली क्रॉस कांवेंट स्कूल से जुलूस निकाला गया। फादर जोशी मैथ्यू की अगुआई में आरएसपुरा के वार्ड नंबर पांच में स्थित होली क्रॉस कांवेंट स्कूल परिसर में विशाल जुलूस निकाला गया। ईसाई धर्म से जुड़े काफी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। कैथोलिक चर्च आरएसपुरा में विशेष प्रार्थना आयोजित हुई। इसमें बाइबल के सात पाठ (वाणी) किए गए। प्रत्येक पाठ के बाद भजन गाए गए। तीन घंटे तक प्रार्थना आयोजित कर देश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की गई। फादर जोशी मैथ्यू ने लोगों को इस दिन के महत्व के बारे में समझाया।
उन्होंने कहा कि ईसाई धर्मानुसार ईसा मसीह परमेश्वर के पुत्र थे। ईसा मसीह को यीशु के नाम से भी पुकारा जाता है। गुड फ्राइडे के दिन ही उन्हें क्रॉस पर लटकाया गया था। इस दिन जीवनभर लोगों में प्रेम और विश्वास जगाने वाले प्रभु यीशु को याद किया जाता है और उनके उपदेशों को सुनाया जाता है। गुड फ्राइडे के दिन श्रद्धालु प्रेम, सत्य और विश्वास की डगर पर चलने का प्रण लेते हैं। फादर जैकब ने भक्तों को बताया कि प्रभु यीशु को उनके विरोधियों ने अप्रैल माह के प्रथम शुक्रवार को ही सूली पर लटका दिया था। प्रभु यीशु पाप से छुटकारा दिलाने का संदेश देते थे। उनके विरोधियों को यह बात पसंद नहीं थी। विरोधी उन्हें प्रभु न मानकर सूली पर लटका कर मारना चाहते थे, लेकिन तीन दिन के बाद ही प्रभु यीशु जीवित हो उठे। जीवित होने की याद में रविवार को ईस्टर का त्योहार मनाया जाता है। उन्होंने भक्तों से कहा कि वे प्रभु के बताए मार्ग पर चल कर इंसानियत की सेवा करें।