विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू वालों के लिए गुड न्यूज! सड़कों पर दौड़ेंगी नई ई-बसें, GPS से CCTV तक मिलेंगी कई स्मार्ट सुविधाएं

Published: Fri, 28 Aug 2026 11:29 AM (GMT+05:30)

जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत 25 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए समझौता किया है। ...और पढ़ें

जम्मू की सड़कों पर ई-बसों की बढ़ेगी रफ्तार। (फाइल फोटो)

जम्मू की सड़कों पर ई-बसों की बढ़ेगी रफ्तार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू में 25 नई इलेक्ट्रिक बसों का समझौता हुआ।

  2. बसों में पैनिक बटन, सीसीटीवी, जीपीएस जैसी सुविधाएं।

  3. प्रदूषण कम होगा, सार्वजनिक परिवहन आधुनिक बनेगा।

जागरण संवाददाता, जम्मू: शहर के नागरिकों को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने एक और बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत जम्मू शहर के बेड़े में 25 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने के लिए आधिकारिक समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए गए हैं।

इस समझौते के साथ ही जम्मू में पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ परिवहन के नेटवर्क को और अधिक मजबूती मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा इस अनुबंध पर मुहर लगने के बाद शहर में आधुनिक और हाई-टेक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का दायरा काफी व्यापक हो जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि इन ई-बसों के सड़कों पर उतरने से शहर में कार्बन उत्सर्जन को तेजी से कम करने में मदद मिलेगी। इससे जम्मू का पर्यावरण न केवल स्वच्छ बनेगा बल्कि नागरिकों को एक स्वस्थ जीवनशैली का माहौल भी मिलेगा।

जम्मू में प्रदूषण बड़ी चिंता

वर्तमान समय में जब प्रदूषण एक बड़ी चिंता बनता जा रहा है, ऐसे में यह पहल जम्मू को देश के बाकी स्मार्ट शहरों की श्रेणी में अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा करती है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के चेयरमैन एवं डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार व सीईओ डा. देवांश यादव ने अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में वीरवार को यह समझौता किया।

पैनिक बटन से सुरक्षा होगी पुख्ता

यात्रियों के सफर को सुगम, सुरक्षित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए इन नई बसों को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया जाएगा। इनमें जीपीएस लाइव लोकेशन ट्रैकिंग, आपातकालीन स्थितियों के लिए पैनिक बटन, सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड आधारित टिकटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

इसके अलावा पारंपरिक ईंधन से चलने वाले वाहनों के मुकाबले ये बसें पूरी तरह शोर-मुक्त और आरामदायक सफर का अनुभव प्रदान करेंगी।

जम्मू-कश्मीर में 200 ई-बसें देने की घोषणा

इन बसों के सुचारू संचालन के लिए डिपो और चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी तेजी से काम किया जा रहा है ताकि रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी पेशवरों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह पूरा प्रोजेक्ट न केवल जम्मू के शहरी परिवहन ढांचे को पूरी तरह बदल देगा, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर को एक स्मार्ट और आत्मनिर्भर मोबिलिटी हब के रूप में विकसित करने में भी मील का पत्थर साबित होगा।

केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को 200 ई-बसें देने की घोषणा की है। इनमें से 100 जम्मू और 100 श्रीनगर के लिए होंगी। इससे पहले जम्मू में 100 ई-बसें चल रही हैं जो भगवती नगर डिपो से जम्मू संभाग के विभिन्न रूटों पर चलती हैं।