जम्मू: तवी नदी-रणबीर नहर के किनारे शाम गुजारने को हो जाएं तैयार, रंग-बिरंगी रोशनी-फूलों की भीनी खुशबू महकेगी
ब्यू ग्रीन परियोजना को दो चरणों में बांटा गया है। एक चरण में गोरखा नगर बाग-ए-बाहु से जम्मू रेलवे स्टेशन तक तवी नदी के किनारों को विकसित किया जाता है। पहले से परियोजना मार्बल मार्केट तक थी लेकिन बाद में इसे रेलवे स्टेशन तक रखा गया है।
जम्मू, दिनेश महाजन। जम्मू शहर के बीचोबीच निकलने वाली तवी नदी और रणबीर नहर के किनारों को नई लुक देने की तैयारी की जा रही है। तवी और नहर किनारों के सौंदर्यीकरण का प्रोजेक्ट तैयार हो गया। जल्द ही इन के किनारों में बांध बांधने के साथ वहां पार्क, बेंच, रंगीन लाइट, लोगों के बैठने के लिए घास और फव्वारे भी लगाए जाएंगे। जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में पर्यटकों के आकर्षण का स्थल बनेगा।
इस परियोजना को ब्लू ग्रीन प्रोजेक्ट का नाम दिया गया है।इसका काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिससे नहर और तवी नदी के क्षेत्रों का विकसित होंगे और वहां रहने वाले लोगों को अपने आसपास बेहतर माहौल मिल पाए। मौजूदा समय में तवी नदी और रणबीर नहर के किनारों पर गदंगी के ढेर लगे रहते है। इनके किनारे भी कई स्थानों पर टूटे हुए है। इस इलाके के विकसित होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलने की उम्मीद है।
क्या है परियोजना :
ब्यू ग्रीन परियोजना को दो चरणों में बांटा गया है। एक चरण में गोरखा नगर बाग-ए-बाहु से जम्मू रेलवे स्टेशन तक तवी नदी के किनारों को विकसित किया जाता है। पहले से परियोजना मार्बल मार्केट तक थी, लेकिन बाद में इसे रेलवे स्टेशन तक रखा गया है। गौरखा नगर से जम्मू रेलवे स्टेशन तक तवी नदी 2.2 किलोमीटर का फासला तय करती है। इस माह यानि दिसंबर के अंत तक इस परियोजना का टेंडर जारी कर दिया जाएगा। इस परियोजना पर 19.93 करोड़ रुपये की लागत आनी है। इस परियोजना को 12 माह के भीतर पूरा किया जाना है। टेंडर जारी होने के 21 दिन के भीतर निर्माण एजेंसियां अपनी बोली लगा पाएंगे।
दूसरे चरण पलौड़ा से शक्ति नगर और भगवती नगर से बाबलियाना तक रणबीर नहर के किनारों को विकसित किया जाना है। इस परियोजना के तहत करीब 10 किलोमीटर नहर के दोनों किनारे का सौंदर्यकरण होना है। इस परियोजना के निर्माण में 60 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च होना है। अगले वर्ष जनवरी माह में चरणबद्ध तरीके से इसके निर्माण कार्य के टेंडर जारी होने है।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता का रखा जाएगा पूरा ध्यान :
जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की चीफ एग्जिक्यूटिव आफिसर अवनी लवासा ने बताया कि ब्लू ग्रीन परियोजना के तहत तवी नदी और रणबीर नहर के किनारों को विकसित करने के दौरान निर्माण कार्य पर पूरी नजर रखी जाएगी। गुणवत्ता से समझौता नहीं करने दिया जाएगा। यह परियोजना जम्मू के लोगों को एक बहुत बड़ा तोहफा होगा।