जम्मू में गणेशोत्सव की धूम, जानीपुर से सैनिक कॉलोनी तक सजे पंडाल, जानें आपके पास कहां है बप्पा का दरबार
जम्मू में सोमवार से भव्य गणेशोत्सव की शुरुआत हो रही है, जिसके लिए मंदिरों का शहर पूरी तरह तैयार है। ...और पढ़ें

जम्मू में भगवान गणेश की मूर्ति को संवारती महिला। (फोटो- जागरण)
HighLights
जम्मू में सोमवार से दस दिवसीय गणेशोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा।
शहर भर में गणेश प्रतिमा स्थापना, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित।
यह उत्सव आस्था, परंपरा और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम बनेगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। मंदिरों का शहर जम्मू भगवान गणेश की भक्ति और उत्सव के रंग में रंगने के लिए तैयार है। सोमवार से शुरू होने वाले गणेशोत्सव की तैयारियां रविवार को दिन भर चलती रहीं। जगह-जगह श्री गणेश जी की स्थापना और पूजा अर्चनाएं व कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर रविवार को आयोजकों का उत्साह दर्शा रहा है कि आने वाले दिनों में हर तरफ गणपति बप्पा के जयघोष गूंजने वाले हैं।
उत्सव में स्थानीय परंपराओं और धार्मिक आस्था की विशेष झलक देखने को मिलेगी। श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना के साथ अपने परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना करेंगे। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
श्री गणेश सेवा दल हर बार की तरह इस वर्ष भी रेशम घर पार्क में भव्य आयोजन करने जा रहा है। मुख्य सेवक सोनु मन्हास ने बताया कि गणेश जी की प्रतिमा तैयार है और श्री गणेश चतुर्थी के पावन मौके पर इसकी पार्क में स्थापना की जाएगी। 10 दिनों तक लगातार कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
हर दिन सुबह नौ बजे महाआरती हुआ करेगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां एवं भजन संध हुआ करेगी। मुख्य पूजा पंडित सुभाष शास्त्री करेंगे। रात नौ बजे महाआरती के बाद हर दिन भंडारे का आयोजन हुआ करेगा।
इन स्थानों पर भी होंगे कार्यक्रम
भारतीय वैदिक संस्थान जम्मू की ओर से गोल मार्केट, गांधी नगर में भव्य आयोजन होगा। सैनिक कालोनी राम लीला क्लब की ओर से श्री गणेशोत्सव की बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। ढक्की सराजा स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, अप्पर बाजार, जानीपुर, सुभाष नगर, सरवाल चौक, पलौड़ा, तालाब तिल्लों के आदि कई क्षेत्रों में बड़े-बड़े पंडाल सजने लगे हैं।
हर कोई श्रद्धा भाव से श्री गणेशोत्सव से जुड़ने के लिए तैयार है। कई लोगों ने घरों में श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है।
उत्सव आस्था और संस्कृति का बनेगा संगम
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्री गणेश पूजा की तैयारी कर रहे गंभीर सिंह चाढ़क ने कहा कि जम्मू में शुरू हो रहा यह सप्ताहभर का गणेश उत्सव आस्था, परंपरा, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम बनने जा रहा है। गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता जम्मू आने वाले दिनों में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का केंद्र बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करेंगे और सुख, समृद्धि, शांति तथा विघ्नों के निवारण की कामना करेंगे। उत्सव के दौरान जम्मू में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी संगम देखने को मिलेगा।
विभिन्न स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना, विशेष पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम के समय होने वाली आरतियों और विशेष कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है।
सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश देगा उत्सव
महंत स्वामी संजस दास गणपत्य ने कहा कि जम्मू में आयोजित सप्ताहभर का यह उत्सव धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का भी संदेश देगा। परिवारों, युवाओं और विभिन्न समुदायों की भागीदारी से उत्सव को व्यापक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामूहिक गतिविधियां उत्सव के माहौल को और जीवंत बनाएंगी।
