Jammu : खौड़ में अवैध खनन में संलिप्त चार लोग गिरफ्तार, दो टिप्पर और दो ट्रैक्टर जब्त
अवैध रूप से चल रहे खनन के खिलाफ पुलिस ने वीरवार को कार्रवाई की और चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चार वाहनों और खनन में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जम्मू, जेएनएन : खौड़ इलाके में नाले और खड्ड में अवैध रूप से चल रहे खनन के खिलाफ पुलिस ने वीरवार को कार्रवाई की और चार लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चार वाहनों और खनन में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खौड़ थाने की पुलिस ने जिला खनन अधिकारी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की।
दरअसल, जिला खनन कार्यालय ने खौड़ इलाके में हो रहे अवैध खनन की जांच के लिए एक समिति गठित की थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट में खनन होने की जानकारी दी। उसी आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। उसके बाद पुलिस ने के आधार पर शिकायत दर्ज की। उसके बाद खौड़ के थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने एक टीम गठित कर अवैध खनन पर शिकंजा कसा। इस कार्रवाई में ढोक खालसा के रहने वाले मलकीत कुमार, ढोक जागीर के संजय कुमार, विकास शर्मा और रियासी के अशोक कुमार को गिरफ्तार किया। मामले में जांच जारी है। इस दौरान दो ट्रैक्टर और दो टिप्पर भी जब्त किए।
पुलिस ने खनन माफियाओं को चेतावनी दी है कि वे अवैध रूप से खनन करने से बाज आएं अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात रहे कि आए दिन इस इलाके में अवैध रूप से खनन होते रहता है। इसका लोग विरोध करते रहे हैं, लेेकिन त्वरित कार्रवाई नहीं होने से खनन माफियाओं का मनोबल बढ़ता रहा है। लोग अक्सर खनन विभाग और माफिया की मिलीभगत का आरोप लगाते रहे हैं।