Jammu Kashmir: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद शरीफ नियाज का निधन
साल 2009 में नियाज फिर से भद्रवाह से सीट से चुने गए थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान जीए मीर ने नियाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मीर ने कहा कि नियाज एक मिलनसार साधे राजनीतिज्ञ थे जिन्होंने लोगों के कल्याण के लिए काम किया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद शरीफ नियाज का सोमवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। वह पिछले कुछ समय बीमार थे और जम्मू के मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती थे। उनका सोमवार सुबह जीएमसी में निधन हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के नजदीकी रिश्तेदार मोहम्मद शरीफ नियाज मिलनसार नेता थे। उनका पार्टी और कार्यकर्ताओं के बीच बहुत सम्मान था।
वह पहली बार 1987 में विधायक बने। वह विधानसभा के लिए तीन बार पूर्व जम्मू कश्मीर की विधानसभा के सदस्य रहे और एमएलसी भी रहे। जब पूर्व जम्मू-कश्मीर में साल 2002 में पीडीपी-कांग्रेस की सरकार बनी थी तो नियाज बिजली मंत्री बने थे। साल 2006 में नियाज ने गुलाम नबी आजाद के लिए अपनी भद्रवाह विधानसभा सीट को छोड़ दिया था और बाद में उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया गया था।
साल 2009 में नियाज फिर से भद्रवाह से सीट से चुने गए थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान जीए मीर व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नियाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मीर ने कहा कि नियाज एक मिलनसार, साधे राजनीतिज्ञ थे जिन्होंने लोगों के कल्याण के लिए काम किया। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं मदन लाल शर्मा, धर्मपाल शर्मा, ताराचंद, मुलाराम, रमण भल्ला, जीएम सरूरी, मजीद वानी, गुरुमुख सिंह, कांता भान, बलवान सिंह,प्रकाश शर्मा, मनमोहन सिंह, रजनीश शर्मा, शिवदेव सिंह, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, अशोक शर्मा, उदय चिब, विनोद शर्मा, नीरज कुंदन, नीरज गुप्ता व अन्य नेताओं ने नियाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।