जम्मू, राज्य ब्यूरो। ऊधमपुर जिला के चिनैनी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक दीना नाथ भगत आज मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। वह साल 2014 में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए थे। पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक जम्मू में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान गुलाम अहमद मीर और कार्यवाहक प्रधान रमण भल्ला की उपस्थिति में भगत ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।

मीर ने भगत का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि दीना नाथ भगत लोगों से जुड़े हुए नेता है। कांग्रेस में बुनियादी रूप से धर्म निरपेक्ष सोच का व्यक्ति आता है। इससे कांग्रेस को जम्मू संभाग में मजबूती मिलेगी। वह मूल रूप से रामनगर के रहने वाले हैं लेकिन चिनैनी से चुनाव लड़े थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी की तरफ से भी दीनानाथ का पार्टी में स्वागत करते हैं।

दीना नाथ के साथ सौ से अधिक समर्थकों ने शामिल होना था लेकिन कोरोना से उपजे हालात के कारण यह संभव नहीं हो पाया। मीर ने कहा कि पार्टी का इस समय सदस्यता अभियान चल रहा है। महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य ज्वलंत मुद्दों पर कांग्रेस ने जन जागरण अभियान भी चलाया। इसमें पार्टी को लोगों का भरपूर समर्थन मिला है। 

भाजपा के पूर्व विधायक दीनानाथ ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां एससी, एसटी विरोधी हैं। भाजपा के सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास के नारे खोखले हैं। कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प बन सकती है।

Edited By: Vikas Abrol