Move to Jagran APP

Amarnath Yatra 2022 : अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पहली बार किए गए हैं ये बारह विशेष इंतजाम

प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा तक सुरक्षा और सुविधाओं के ऐतिहासिक इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश प्रशासन ने इस बार कई तरह की नई और विशेष सुविधाएं अमरनाथ यात्रियों के लिए उपलब्ध करवाई हैं। नई सुविधाओं से श्रद्धालु गदगद हैं।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Published: Wed, 29 Jun 2022 03:56 PM (IST)Updated: Wed, 29 Jun 2022 05:48 PM (IST)
Amarnath Yatra 2022 : अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष पहली बार किए गए हैं ये बारह विशेष इंतजाम
देश-दुनिया से श्रद्धालुओं का रैला निजी वाहनों, बसों और ट्रेनों से जम्मू पहुंच रहा है।

जम्मू, जागरण संवाददाता : भोलेनाथ के भक्तों का इंतजार समाप्त हुआ। दो साल के बाद अमरनाथ यात्रा शुरू हो चुकी है। मंदिरों का शहर जम्मू बाबा बर्फानी के रंग में रंग चुका है। देश-दुनिया से श्रद्धालुओं का रैला निजी वाहनों, बसों और ट्रेनों से जम्मू पहुंच रहा है। प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा तक सुरक्षा और सुविधाओं के ऐतिहासिक इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश प्रशासन ने इस बार कई तरह की नई और विशेष सुविधाएं अमरनाथ यात्रियों के लिए उपलब्ध करवाई हैं। नई सुविधाओं से श्रद्धालु गदगद हैं। आइए हम आपको ऐसी बारह सुविधाएं बताते हैं, जिससे यात्रा सुगम हो गया है-

loksabha election banner

  • 1. हेलीकाप्टर : श्रीनगर से इस बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हेलीकाप्टर सेवा शुरू की गई है। इससे लाेग एक दिन में भी दर्शन कर वापस लौट सकते हैं।
  • 2. बैटरी कार सेवा : पहली बार बालटाल आधार शिविर से दोमेल तक करीब तीन किलोमीटर बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए बैटरी कार की सेवा शुरू की गई है। इससे करीब 14 किलोमीटर की दूरी घट कर करीब 11 किलोमीटर ही बचेगी।
  • 3. विश्राम स्थल : इस बार करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को ठहराने की व्यवस्था की गई है। पहली बार केवल जम्मू जिले में ही करीब 15 हजार श्रद्धालुओं को ठहराने की व्यवस्था है।
  • 4. सुरक्षा : श्रद्धालुओं को जम्मू से सुरक्षा घेरे में यात्रा पर भेजा जा रहा है। आगे व पीछे सुरक्षाबलों की टोली रहती है और बीच में श्रद्धालु।
  • 5. चौकसी : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जम्मू से लेकर कश्मीर तक पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
  • 6. सतर्कता : आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए इस बार खोजी कुत्तों की मदद से चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है।
  • 7. हेल्पलाइन नंबर : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जम्मू समेत हर जिले में हेल्प लाइन नंबर स्थापित किए गए हैं जहां 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
  • 8. कंट्रोल रूम : श्रद्धालुओं के लिए कश्मीर व जम्मू में संभाग स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किए गए है जहां 24 घंटे सहायता उपलब्ध रहती है।
  • 9. पंजीकरण : जो श्रद्धालु बिना पंजीकरण पहुंच रहे हैं, उनके लिए जम्मू में विभिन्न स्थानों पर तत्काल पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
  • 10. मोबाइल : इस बार पवित्र गुफा तक मोबाइल व इंटरनेट सुविधा उपलब्ध है ताकि श्रद्धालु हर पल अपनों के संपर्क में रह सके।
  • 11. आरएफआइडी : हर श्रद्धालु को एक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआइडी) नंबर दिया जा रहा है, जिससे उसकी हर पल की लोकेशन की निगरानी हो सकेगी।
  • 12. लंगर : इस बार श्रद्धालुओं के लिए करीब 150 लंगरों की व्यवस्था की गई है। केवल जम्मू जिले में ही श्रद्धालुओं के लिए 31 लंगर लगाए गए हैं।

आपको बता दें कि आज महादेव के जयकारे लगाते हुए 4890 शिव भक्तों का पहला जत्था कश्मीर घाटी में स्थित पहलगाम व बालटाल आधार शिविर के लिए जम्मू से रवाना हो गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार तड़के 4.35 बजे सभी शिवभक्तों को यात्रा पर जाने की बधाई देते हुए झंडी दिखाकर भगवती नगर आधार शिविर से रवाना किया। कोरोना महामारी के कारण दो साल के बाद शुरू हुई अमरनाथ यात्रा शुरू होने के साथ ही जम्मू नगर स्थित बाबा अमरनाथ जी यात्रा का आधार शिविर एक बार फिर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.