लद्दाख में फूलों की खेती से बदलेगी तस्वीर, 6 जिलों में विकसित होंगे हाई-वैल्यू खेत
लेह में लिलियम फूलों की सफलता के बाद, लद्दाख के उपराज्यपाल ने छह अन्य जिलों में भी उच्च मूल्य वाली पुष्प कृषि को बढ़ावा देने का निर्देश दिया है।

लद्दाख के छह जिलों में विकसित होंगे हाई-वैल्यू फूलों के खेत।
HighLights
लेह की सफलता के बाद छह जिलों में पुष्प कृषि
उपराज्यपाल ने 200 एकड़ भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए
स्थानीय रोजगार, आय और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
राज्य ब्यूरो, जम्मू। लेह में दुनिया के सबसे अधिक ऊंचाई वाले लिलियम फूलों के खेत की सफलता के बाद लद्दाख के अन्य छह जिलों में भी हाई-वैल्यू फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा दिया जाएगा।
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इसके लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस माडल को अपनाने के निर्देश दिए हैं।
उपराज्यपाल ने लद्दाख के कारगिल, द्रास, शाम, चांगथांग और जांस्कर के डीसी को कम से कम 20-20 एकड़ भूमि चिन्हित करने को कहा है। इस पहल के माध्यम से लद्दाख में कम से कम 200 एकड़ भूमि को उच्च मूल्य वाले फूलों के खेतों में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
उपराज्यपाल का कहना है कि पुष्प कृषि को बढ़ावा दिए जाने से स्थानीय स्तर पर रोजगार व आय के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ लद्दाख को व्यावसायिक फ्लोरीकल्चर के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में कम से कम 15 स्थानीय महिलाओं को फूलों की खेती का प्रशिक्षण व 3-4 शिक्षित युवाओं को विपणन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य कृषि में विविधता लाकर स्थानीय समुदाय के लिए टिकाऊ आजीविका और महिलाओं की वित्तीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियों के बीच रंग-बिरंगे फूलों के खेत लद्दाख के कठोर और शुष्क भू-दृश्य को नया स्वरूप देने के साथ क्षेत्र के पर्यटन आकर्षण को भी बढ़ाएंगे।
लद्दाख प्रशासन ने लेह के चोगलमसर व स्टाकना में करीब 40 एकड़ क्षेत्र में फूलों के खेतों में 25 लाख से अधिक फूल लगाए हैं। खिलकर तैयार 24 लाख लिलियम व करीब एक लाख ग्लेडियोलस फूलों को देश के बाजारों तक पहुंचाने की तैयार हो रही है।
लद्दाख के फूल उत्पादकों को बड़े बाजार से जोड़कर क्षेत्र में फ्लोरीकल्चर को एक व्यावसायिक गतिविधि के रूप में विकसित करने का अभियान जारी है।
