Jammu And Kashmir : दिल्ली विधानसभा चुनाव में रैना सहित पांच भाजपा नेता करेंगे प्रचार
भाजपा हाईकमान ने फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना समेत पांच वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगाई है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। भाजपा हाईकमान ने फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना समेत पांच वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगाई है। इस चुनाव में रविन्द्र रैना के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, जम्मू-पुंछ के सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधानसभा के पूर्व स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह व पूर्व उप मुख्यमंत्री कवीन्द्र गुप्ता स्टार प्रचारकों के रूप में दिल्ली में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे।
रविवार को दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर हुई भाजपा की उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत भाजपा के अन्य कुछ वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बैठक में रविन्द्र रैना के साथ अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के भाजपा अध्यक्षों ने भी हिस्सा लिया।
अमित शाह व जेपी नड्डा से मिले रविन्द्र रैनाभाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में हिस्सा लेने के लिए जम्मू कश्मीर के नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना, कोर ग्रुप व राष्ट्रीय परिषद के पांच सदस्य दिल्ली पहुंच गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार रविवार दोपहर दिल्ली पहुंचे रविन्द्र रैना ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट कर उन्हें जम्मू कश्मीर के राजनीतिक हालात और अन्य मुद्दों के बारे में बताया। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने रविन्द्र रैना को फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।
रैना ने आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि वह जम्मू कश्मीर में हाईकमान की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए कार्य करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हिस्सा लेने पहुंचे राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों में पूर्व मंत्री शक्ति परिहार, प्रिया सेठी, डॉ. अली मोहम्मद मीर, रफीक वानी व मुद्दसर वानी शामिल हैं। इसके साथ दिल्ली पहुंचे कोर ग्रुप के सदस्यों में जम्मू-पुंछ के सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा के सांसद शमशेर सिंह मन्हास, संगठन महामंत्री अशोक कौल, महासचिव युद्धवीर सेठी, सुनील शर्मा व डॉ. नरेन्द्र सिंह के साथ कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल थे।