फारूक अब्दुल्ला का पीएम पर निशाना, कहा- मोदी-शाह जनता के सबसे बड़े दुश्मन
नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के प्रधान डॉ. फारूक अब्दुल्ला का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह देश की जनता के सबसे बड़े दुश्मन हैं।
राज्य ब्यूरो, जम्मू । नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के प्रधान डॉ. फारूक अब्दुल्ला का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह देश की जनता के सबसे बड़े दुश्मन हैं। ये दोनों आम लोगों को जाति-धर्म के नाम पर लड़ा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे में न फंसने की अपील की है। मीर बशरी डल में रविवार को आयोजित एक रैली में उन्होंने कहा कि मोदी-शाह की जोड़ी जनता का ध्यान बुनियादी समस्याओं से हटाने के लिए भावनात्मक मुद्दों में उलझा रही है। यह ऐसा राजनीतिक दल है जो भारत के संविधान को बदलना चाहता है। भारत का संविधान सभी को बराबरी का अधिकार देता है।
देश के संविधान में जम्मू कश्मीर को कुछ विशेषाधिकार दिए गए हैं। धारा 370 और 35-ए इसी संविधान में है, लेकिन भाजपा हमेशा इसका विरोध करती आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में भी केवल जम्मू कश्मीर में नफरत फैलाने की ही साजिश है। फारूक ने कहा कि भाजपा का एजेंडा जम्मू कश्मीर के जनसांख्यिकी स्वरूप को बदलना है। उन्होंने कहा यह चुनाव तय करेंगे कि भारत धर्मनिरपेक्ष रहता है या नहीं।
नेकां प्रधान ने कहा कि हमारी लड़ाई विभाजनकारी ताकतों से है। इसलिए लोगों को ऐसी ताकतों के खिलाफ अपने मत का इस्तेमाल करना चाहिए। आज यह समय की जरूरत है कि हम सभी एकजुट होकर ऐसी ताकतों का विरोध करें।