बारिश से खिले किसानों के चेहरे, धान रोपाई का कार्य जोरों पर
किसानों ने बताया कि वह बारिश के शुरू होने से काफी खुश है, चाहते हैं कि बारिश किसानों की जरूरत के अनुसार हो जाए।
आरएसपुरा, संवाद सहयोगी। क्षेत्र में वीरवार रात से शुरू हुई बारिश से सीमावर्ती किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं, धान रोपाई के कार्य ने भी क्षेत्र में तेजी पकड़ ली है। क्षेत्र के किसान रिशी ने बताया कि बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। बारिश से जहां चारे की फसल को फायदा पहुंचा। वहीं धान रोपाई के कार्य में भी तेजी आ गई।
बारिश होने से बिजली किल्लत व तपती गर्मी से भी लोगों को राहत हुई है। किसानों का कहना है कि नहरी पानी के अभाव में उनको अपनी धान की फसल के लिए अच्छी बारिश की ही जरूरत है। किसान अमरीक, हाकम, सुरजीत सिंह, यशपाल, देवेंद्र चौधरी, राम पाल ने बताया कि बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस समय किसानों को पानी की बहुत ज्यादा जरूरत है।
नहरी पानी तो बिल्कुल न के बराबर किसानों को मिल रहा है। ऊपर से बिजली की आंख मिचौली भी उनके लिए सिरदर्द बनी हुई है। ऐसे में वीरवार रात से शुरू हुई बारिश ने उनकी धान की फसल की रोपाई की उम्मीद को बढा दिया है। सीमांत किसान रोशन लाल, अवतार सिंह, शिव राम ने बताया कि इस समय सीमा पर हालत बिल्कुल समान्य है।
ऐसे में जितनी जल्दी हो सके वह अपनी धान की फसल की रोपाई कर लेना चाहते है। उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान पर कोई भरोसा नहीं है कि वह कब सीमा पर गोलीबारी शुरू कर दे और वह धान की सफल न लगा पाएं।
किसानों ने बताया कि वह बारिश के शुरू होने से काफी खुश है, चाहते हैं कि बारिश किसानों की जरूरत के अनुसार हो जाए। जिससे वह अपनी फसल का काम समेट सके। इस समय पानी किसानों की सबसे बड़ी जरूरत है। दूसरी ओर गर्मी से परेशान लोगों भी बारिश शुरू होने से कुछ राहत ली है।