उपमुख्यमंत्री के जनता दरबार में उठी बिजली, पानी की समस्याएं
राज्य ब्यूरो, जम्मू : उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में जनता दरबार लगा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में पार्टी लोगों के काम करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता के हर प्रतिनिधि को जनसेवक के तौर पर ही काम करना चाहिए। भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' नारे के साथ काम कर रही है और हर विधायक व नेता लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि बिजली के क्षेत्र में सरकार सभी को सुदृढ़ ढांचा देगी। इस दौरान गांधीनगर, बिश्नाह, आरएसपुरा, जम्मू पश्चिम सहित कई क्षेत्रों से एक सौ से अधिक प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री के साथ मिले। लोगों ने अपने क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़कों की समस्या से उन्हें अवगत करवाया। यही नहीं, जेके हाउसिंग बोर्ड और जम्मू विकास प्राधिकरण से संबंधित मुद्दे भी दरबार में उठे। उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।