जम्मू के बाजारों में दशहरे पर कड़ी सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर; रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी में बढ़ाई गश्त
दशहरे के मद्देनजर जम्मू के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस गश्त बढ़ा रही है ...और पढ़ें

जम्मू में प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर पुलिस की पैनी नजर। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू के बाजारों में दशहरे के लिए सुरक्षा कड़ी।
रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी में पुलिस गश्त बढ़ी।
पुलिस दुकानदारों से मिलकर सतर्क रहने को कह रही।
जागरण संवाददाता, जम्मू। दशहरे के अवसर पर जम्मू के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी और कनक मंडी समेत अन्य प्रमुख बाजारों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सकें, इसके लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
बाजारों में बढ़ाई पुलिस की तैनाती
बाजारों में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने के साथ लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारी और जवान विभिन्न बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों से बातचीत कर रहे हैं और सुरक्षा संबंधी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस की कोशिश है कि बाजारों में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा लोगों को खरीदारी के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी
सुरक्षा एजेंसियों से मिलने वाले इनपुट को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दशहरे के मद्देनजर जम्मू पुलिस की यह सतर्कता बाजारों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
