पहले बहसबाजी, फिर निकली रिवॉल्वर... जम्मू में डंपर ड्राइवर पर फायरिंग, भागकर बचाई जान; आरोपी गिरफ्तार
अरनिया थाना क्षेत्र के रथाना गांव के पास एक डंपर चालक पर फायरिंग की घटना हुई, जिससे इलाके में दहशत ...और पढ़ें

कल्याणा में डंपर चालक पर फायरिंग से दहशत, आरोपी गिरफ्तार (फाइल फोटो)
HighLights
कल्याणा में डंपर चालक पर फायरिंग से इलाके में दहशत।
चालक विपिन कुमार ने भागकर अपनी जान बचाई।
अरनिया पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह उर्फ गोल्डी को दबोचा।
जागरण संवाददाता, बिश्नाह। अरनिया थाना क्षेत्र के रठाना गांव के पास बुधवार मध्यरात्रि फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना में डंपर चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरएसपुरा के मोटे निवासी विपन कुमार पुत्र गिरधारी लाल बुधवार रात अपना डंपर लेकर अरनिया की ओर जा रहे थे। वह जब वाले चक से रठाना की तरफ निकल रहे थे, तभी उनका सामना कल्याण निवासी रणजीत सिंह उर्फ गोल्डी पुत्र गुरदयाल सिंह से हुआ। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान गोल्डी ने रिवॉल्वर निकालकर डंपर चालक विपन कुमार को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं। हालांकि, विपन कुमार इस हमले में बाल-बाल बच गए। उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
आरोपी गोल्डी गिरफ्तार
घटना के बाद डंपर चालक सीधे अरनिया थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की और आरोपी रणजीत सिंह उर्फ गोल्डी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
फायरिंग की घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव और दहशत का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और आरोपी के पास हथियार का लाइसेंस था या नहीं। इस संदर्भ में अरनिया पुलिस ने एफआईआर नंबर 63 लगाकर आरोपी से पूछताश कर रही है।
