Kashmir: नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोपित ने हवालात में की कथित आत्महत्या
आज तड़के पुलिस कांस्टेबल ने उसे हवालात के भीतर छत से लटका देख तुरंत अपने अधिकारियों को सूचित किया। हवालात को खोला गया और उसे नीचे उतारा गया। वह अचेत पड़ा था। उसे उसी समय अस्पताल ले जाय गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उत्तरी कश्मीर के सोपोर में नशीले पदार्थाें की तस्करी के एक आरोपित ने पुलिस हवालात में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच का आदेश जारी किया है। ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच शुरु की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोपोर पुलिस ने बीते सप्ताह हैगाम पुतखाह के रहने वाले 28 वर्षीय जमरूद अहमद गाेजरी को बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ पकड़ा था। उससे स्पाजमोप्रोविन के करीब 200 कैप्सूल भी बरामद किए गए थे। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के बाद उसे अदालत में पेश किया। 15 नवंबर तक उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया था।
आज तड़के पुलिस कांस्टेबल ने उसे हवालात के भीतर छत से लटका देख तुरंत अपने अधिकारियों को सूचित किया। हवालात को खोला गया और उसे नीचे उतारा गया। वह अचेत पड़ा था। उसे उसी समय अस्पताल ले जाय गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। हवालात को सील कर दिया गया है। पुलिस के फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी हवालात की जांच की है।
पुलिस प्रशासन ने इस मामले का कड़ा नोटिस लेते हुए बुधवार की रात को थाने में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच का आदेश जारी किया है।