केंद्रीय विवि जम्मू में डीआरडीओ की 10 सदस्यीय टीम ने किया दौरा, कलाम सेंटर के लिए जगह चयनित
डीआरडीओ की टीम ने तीन रिसर्च प्रोजेक्टों को वर्टिकल वन के लिए मंजूर किया जबकि वर्टिकल टू के लिए चार रिसर्च प्रोजेक्ट को मंजूर किया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के महानिदेशक डॉ. सुधीर कामत के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू का दौरा किया। इस दौरान कलाम सेंटर फॉर साइंस एंड टेक्नोलाजी को स्थापित करने के प्रोजेक्ट के लिए जगह का चयन किया। इसके साथ ही रिसर्च प्रोजेक्टों को अंतिम रूप दिया।
डीआरडीओ की टीम में डॉ. शिव कुमार, डॉ. केके पाठक, डॉ. रेनू त्यागी, डॉ. जीएसबीएस रावत, डॉ. पदमावती, एसएजी, डॉ. राजेश पिल्लई, डॉ. साईबल पल, अमित शर्मा व मोहम्मद अकरम शामिल थे। दो दिवसीय दौरे पर आई टीम के सदस्यों ने केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में कलाम सेंटर फॉर साइंस एंड टेक्नोलाजी के लिए जगह देखी। वीसी प्रो. अशोक ऐमा ने डीआरडीओ अधिकारियों को फैकल्टी सदस्यों के साथ रूबरू करवाया। इस दौरान फैकल्टी सदस्यों ने रिसर्च प्रोजेक्टों को पेश किया और व्यापक चर्चा की। डीआरडीओ की टीम ने तीन रिसर्च प्रोजेक्टों को वर्टिकल वन के लिए मंजूर किया, जबकि वर्टिकल टू के लिए चार रिसर्च प्रोजेक्ट को मंजूर किया।
रक्षा मंत्री नींव पत्थर रखने के लिए आएंगे
इससे पहले डीआरडीओ और केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू ने 26 सितंबर 2019 को कलाम सेंटर खोलने के लिए नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। यह सेंटर 59.94 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। अब जल्द ही भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नींव पत्थर रखने के लिए आएंगे।
कलाम सेंटर के प्रोजेक्ट का नक्शा इंजीनियरिंग विंग ने किया तैयार
डीआरडीओ के महानिदेशक ने सेंटर के लिए जगह उपलब्ध करवाने और प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए अध्यापकों और स्टाफ का आभार जताया। कलाम सेंटर के प्रोजेक्ट का नक्शा विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विंग ने तैयार किया है। टीम के साथ बैठक में स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंस के डीन प्रो. देवानंद, रिसर्च स्टडीज के डीन प्रो. बीएस भाऊ, वित्त अधिकारी मोहम्मद इकबाल, इंजीनियर विशाल बगोत्रा शामिल थे। रजिस्ट्रार डॉ. रवि कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया।