Jammu Kashmir: डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा- प्रदेश में सामुदायिक संक्रमण का सुबूत नहीं मिला
डॉ. सिंह ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क मार्ग से जरूरी सामान बिना किसी रुकावट के पहुंचे। सप्लाई चेन बनाए रखने में वायुसेना की ओर से भी सहयोग दिया जा रहा है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि जम्मू कश्मीर व लद्दाख में लॉकडाउन की कामयाबी शासन व समाज में बेहतर समन्वय का प्रतीक है। जम्मू कश्मीर में गत दो-तीन दिनों में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी से घबराने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में सामुदायिक संक्रमण का कोई सुबूत नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस की रोकथाम व सैंपलों की जांच के लिए बुनियादी ढांचा मौजूद है। विदेश यात्र कर चुके लोगों को स्वेच्छा से सामने आकर स्वास्थ्य विभाग से सहयोग करना चाहिए। यह समाज व देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। लॉकडाउन के 12वें दिन दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए डॉ. सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर व लद्दाख में केंद्र सरकार के सहयोग से कोरोना की रोकथाम के लिए सरकारी व गैर सरकारी संगठनों की आपसी तालमेल देश के अन्य हिस्सों के लिए उदाहरण है।
इन दोनों राज्यों में नागरिक प्रशासन व पुलिस लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। सामाजिक संगठन व कार्यकर्ता भी सहयोग देने के लिए हर संभव कार्रवाई कर रहे हैं। केंद्र सरकार की कोशिशों से जरूरी सामान की भी कोई कमी नहीं है। दोनों प्रदेशों की जरूरतों को पूरा करने के लिए वायुसेना के विमान उड़ानें भर रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क मार्ग से जरूरी सामान बिना किसी रुकावट के पहुंचे। सप्लाई चेन बनाए रखने में वायुसेना की ओर से भी सहयोग दिया जा रहा है।
लॉकडाउन के बीच भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस: कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लॉकडाउन के बीच प्रदेश भाजपा नेताओं ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए पार्टी मुख्यालय में ध्वज फहराकर 40वां स्थापना दिवस मनाया। प्रदेश भाजपा का वर्ष 1980 में गठन हुआ था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशों पर कुछ नेताओं ने पार्टी व जिला मुख्यालयों में सादे तौर पर स्थापना दिवस मनाया। जबकि अधिकतर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने घरों पर ही भाजपा के ध्वज फहराए। इस दौरान भाजपा के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित प्रेमनाथ डोगरा व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प भी अर्पित किए गए। त्रिकुटानगर स्थित पार्टी मुख्यालय में स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल समेत कुछ नेताओं ने हिस्सा लिया। शहर के कच्ची छावनी स्थित जिला मुख्यालय में जम्मू जिला प्रधान विनय गुप्ता व जम्मू पश्चिम जिला प्रधान मुनीश खजूरिया ने स्थापना दिवस मनाया। त्रिकुटानगर में आयोजित कार्यक्रम में रविन्द्र रैना ने कहा कि इस समय देश कठिन दौर से गुजर रहा है। ऐसे में कार्यकर्ता सुरक्षित दूरी बनाने के निर्देशों पर अमल करते हुए कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में सहयोग दें।