डोर-टू-डोर इकट्ठा होगा सूखा और गीला कचरा
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर को साफ-सुथरा बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए जम्मू नगर निग
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर को साफ-सुथरा बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए जम्मू नगर निगम डोर-टू-डोर कचरा उठाने के साथ इसका अलगाव करने जा रहा है। गीले और सूखे कचरे को अलग कर इसकी खाद बनाई जाएगी। इसके लिए फिलहाल पांच वार्ड लिए जा रहे हैं। सफाई कर्मियों की कमी के मद्देनजर यह काम एनजीओ के माध्यम से किया जाएगा।
आठ वर्ष बाद चुनाव होने पर नगर निगम ने अब फिर सक्रियता दिखानी शुरू की है। इस कड़ी में नगर निगम ने शहर के वार्ड नंबर 20, 21, 22, 53 और 54 को चयनित किया है। इन पांच वार्डो में डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने के साथ इसका अलगाव भी किया जाएगा। जमा हुए गीले और सूखे कचरे से खाद बनाई जाएगी। 100 रुपये प्रतिमाह सेनिटेशन चार्ज लेने के साथ प्रक्रिया की सफलता को सुनिश्चित किया जाएगा। अगर सब ठीक रहता है तो नगर निगम इसे अन्य वार्डो में भी शुरू करेगा।
इसके अलावा निगम 15 वार्डो को पहले ही कांट्रेक्ट पर एनजीओ को दे चुका है। सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिए इस व्यवस्था को निगम और आगे बढ़ाने जा रहा है। हाल ही में बनाए गए नए वार्ड 72, 73, 74 और 75 को भी एनजीओ को सौंप कर सफाई कराने की तैयारी है। इस कचरे को ठिकाने लगाने के इंतजाम भी एनजीओ के माध्यम से करने की तैयारी निगम ने की है। शहर से प्रतिदिन निकलने वाले करीब 400 मीट्रिक टन कचरे को कम करने के लिए निगम पॉलीथिन पर प्रतिबंध को भी सख्ती से लागू करने की तैयारी में जुट गया है। फिलहाल निगम कोट भलवाल में अपनी जमीन पर कचरे को जमा कर ठिकाने लगा रहा है। इससे पहले भगवती नगर में तवी नदी के किनारे इस कचरे को फेंका जाता था। अभी तक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो सका है। जब तक यह प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो जाता, निगम दिल्ली आधारित एनजीओ को कचरे को खाद बनाने की जिम्मेवारी सौंपने जा रहा है। इसके लिए निगम को कोई वित्तीय दबाव नहीं पड़ेगा। उल्टा कंपनी दस प्रतिशत निगम को देगी। निगम इस कंपनी को कचरे के निस्तारण के लिए जगह उपलब्ध करवाएगा तथा कचरा वहां पहुंचा कर देगा। कचरा निस्तारण की प्रक्रिया में मशीनरी व कर्मी एनजीओ के होंगे। यह वार्ड एनजीओ के हवाले : 52, 55, 56, 58, 59, 60, 62, 63, 64, 65, 66, 67, 68, 69 व 70
यह वार्ड सौंपे जाएंगे : 72, 73, 74 व 75
इनमें डोर-टू-डोर कचरा उठाएंगे : 20, 21, 22, 53 व 54
-----------
शहर से निकलने वाला कचरा
-कुल कचरा जमा होता है - 400 मीट्रिक टन प्रति दिन
-गलियों की सफाई से - 50 मीट्रिक टन प्रति दिन
-होटल/रेस्टोरेंट से - 40 मीट्रिक टन प्रतिदिन
-बाजारों से - 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन
-व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से - 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन
-घरों से - 130 मीट्रिक टन प्रतिदिन
-अन्य से - 110 मीट्रिक टन प्रतिदिन
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम हर संभव प्रयास करने में जुट गया है। 19 वार्डो में एनजीओ के माध्यम से सफाई शुरू करवा रहे हैं। पांच वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा जमा करते हुए इसे अलग-अलग करने की भी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इतना ही नहीं हम जल्द ही 630 कैजुअल सफाई कर्मी नियुक्त करने जा रहे हैं। इसके लिए आवेदन लिए जा चुके हैं। जल्द ही शेष प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
-चंद्रमोहन गुप्ता, मेयर, जम्मू नगर निगम