Jammu Kashmir: डोगरा फ्रंट शिव सेना का प्रदर्शन, आतंकियों को निर्दोष बताने वालों के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
अशोक गुप्ता ने कहा कि हैदरपोरा में पाकिस्तानी आतंकियों का नेटवर्क था। दो आंतकी जोकि पकड़े गए हैं उनके पास से ग्रेनेड मिले हैं। यह ग्रेनेड आम लोगों या सुरक्षा बलों के खिलाफ भी इस्तेमाल होने थे। इस इसलिए पकड़े गए आतंकी कहीं भी निर्दोष लाेग नही।
जम्मू, जागरण संवाददाता। आंतकियों को निर्दोष बताने वाले नेताओं को लंबी जेल यात्रा कराए जाने की मांग कर डोगरा फ्रंट शिव सेना ने बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया और कश्मीर आधारित इन नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं इन लोगों के पोस्टर भी जलाए गए। केंद्र सरकार से मांग की गई कि घाटी में इसी तरह सख्ती से ही आतंकियों से निपटा जाए। आतंकियों का समर्थन करने वालों को तिहाड़ जेल डाला जाए। कार्यकर्ताओं ने आतंकियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की सराहना की जोकि घाटी से आतंकवाद को मिटाने में जुटी हुई है। वहीं सेना की भी प्रशंसा की जोकि आतंकवाद से लोहा ले रही है।
मौके पर संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि हैदरपोरा में पाकिस्तानी आतंकियों का नेटवर्क था। दो आंतकी जोकि पकड़े गए हैं, उनके पास से ग्रेनेड मिले हैं। यह ग्रेनेड आम लोगों या सुरक्षा बलों के खिलाफ भी इस्तेमाल होने थे। इस इसलिए पकड़े गए आतंकी कहीं भी निर्दोष लाेग नही। इन आतंकियों का समर्थन करने वाले भी देशद्रोही हैं। गुप्ता ने कहा कि आतंकियों को बेकसूर बताकर बचाने वाले नेताओं को सहन नही किया जाएगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की कड़ी आलोचना की।
वहीं दूसरी ओर कहा कि महबूबा को घर में नजर बंद करने की बजाए अब जेल में बंद करने का समय आ गया है। जम्मू-कश्मीर में शहीद हो रहे सैनिकों के बारे में कश्मीरी आधारित नेताओं के पास कहने के लिए दो शब्द तक नही। लेकिन आतंकवादियों को बेकसूर बताने के लिए यह नेता धरने प्रदर्शन पर बैठ रहे हैं। अशोक गुप्ता ने मांग की कि घाटी में जो जो लोग आतंकियों का समूर्थन करते हैं, का पता लगाया जाए और उनको सरकारी तमाम सुविधाओं से वंचित किया जाए। नौकरियों का अधिकार भी छीन लिया जाए। प्रदर्शन में दीपू, ब्रिज, रूप ललाल, काकू, प्रेम, सुभाष, शांति, सोमा, राजेंद्र आदि उपस्थित थे।