पागल कुत्ते ने नौ को काटा, लोगों ने मारा
बिश्नाह अस्पताल में उपचार कराने आए लोगों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब अस्पताल की ओपीडी ब्लॉक में एक पागल कुत्ता घुस आया।
संवाद सहयोगी, बिश्नाह ।बिश्नाह अस्पताल में उपचार कराने आए लोगों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब अस्पताल की ओपीडी ब्लॉक में एक पागल कुत्ता घुस आया। कुत्ते ने मरीजों व तीमारदारों पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए नौ लोगों को काट खाया। इससे पहले उसने दो घोड़ों को भी काट खाया। कुत्ते से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस दौरान एक गर्भवती महिला भाग नहीं पाई तो कुत्ते ने उसकी टांग को नोच खाया। पागल कुत्ता बाद में अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक में घुसा यहां लोगों ने कुत्ते को घेर कर मार दिया। कुत्ते ने सबसे पहला शिकार ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर कार्यालय से बाहर निकल रहे सरदारी लाल को बनाया। उसके बाद दो घोड़ों को काटने के बाद कुत्ता उप जिला हॉस्पिटल में घुस गया। जहां पर सामने खड़ी लड़की निकिता निवासी बिश्नाह पर उसने हमला कर दिया।
उसके बाद रामलाल निवासी चकबाना, सरिता देवी निवासी लसवाड़ा जो गर्भवती महिला है। उसके बाद अंशु व सौरभ को निशाना बनाते हुए अन्य लोगों को काटा। इस कुत्ते का खूंखार रूप देख कर अस्पताल में डॉक्टरों ने अपने कमरे बंद कर लिए। जब पागल कुत्ते को लोगों ने मार दिया तो बीएमओ ने नगरपालिका अधिकारी को सूचित किया। लेकिन पालिका कर्मियों ने मृतक कुत्ते को अस्पताल ओपीडी ब्लॉक से उठाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यह नगरपालिका का काम नहीं है।
इस संबंध में नगरपालिका के अध्यक्ष राजन शर्मा ने कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। नगरपालिका का ही काम है कि अस्पताल व कस्बे की सफाई रखें। इस पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। अस्पताल में नहीं था एंटीरेबिज टीका कुत्ते ने काटने से घायल लोगों ने जब अस्पताल में इलाज कराना चाहा तो एंटी रेबिज नाम का एक भी टीका नहीं था। लोगों को बाजार से ही महंगे दाम पर टीका खरीदना पड़ा। जिससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
लोगों ने कहा कि उनका एक तो जिस्मानी नुकसान हुआ। उसके बाद से अस्पताल में कुत्ते के काटने पर लगाने वाला कोई टीका ही नहीं है। वहीं, बीएमओ डॉ. बलकार चौधरी ने कहा कि यह इंजेक्शन अस्पताल में नही हैं। आला अधिकारियों से इसकी मांग की है जल्दी ही यह टीके अस्पताल को मिल जाएंगे।