आठवीं पास... फिर भी बन गए सरकारी कर्मचारी, जम्मू में डेंटल असिस्टेंट पर फर्जी मार्कशीट से नौकरी पाने का आरोप
स्वास्थ्य विभाग के डेंटल असिस्टेंट पर फर्जी दसवीं की मार्कशीट से सरकारी नौकरी पाने का आरोप है। क्राइम ब्रांच जम्मू ...और पढ़ें

जम्मू में फर्जी प्रमाणपत्र के मामले में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई। (फाइल फोटो)
HighLights
फर्जी मार्कशीट से सरकारी नौकरी पाने का आरोप।
डेंटल असिस्टेंट सोहन लाल सिंह पर चार्जशीट।
एफएसएल जांच में मार्कशीट से छेड़छाड़ उजागर।
जागरण संवाददाता, जम्मू। क्राइम ब्रांच जम्मू की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने फर्जी दसवीं की मार्कशीट और प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सोहन लाल सिंह और उसके दिवंगत पिता वीर सिंह के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। आरोपित सोहन लाल सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अरनिया में डेंटल असिस्टेंट के पद पर तैनात है। यह मामला वर्ष 2025 में दर्ज किया गया था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, मामले की जांच सीआईडी मुख्यालय, जम्मू-कश्मीर से मिली शिकायत के आधार पर शुरू हुई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोहन लाल सिंह ने बिहार अथवा उत्तर प्रदेश से जारी कथित फर्जी दसवीं के प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की थी और वह करीब दो दशक से विभाग में सेवाएं दे रहा था।
जांच में आठवीं पास निकले सोहन लाल सिंह
जांच में सामने आया कि सोहन लाल सिंह ने आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई की थी और संबंधित स्कूल से दसवीं की परीक्षा पास नहीं की थी। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल), जम्मू की जांच में मार्कशीट पर मिटाने और रासायनिक तरीके से बदलाव किए जाने के साक्ष्य मिले। स्कूल के रिकॉर्ड की जांच में जन्मतिथि को लेकर भी विसंगतियां सामने आईं।
पिता ने बेटे के लिए बनवाए कथित फर्जी दस्तावेज
जांच के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चालक के तौर पर काम करने वाले वीर सिंह ने अपने नाबालिग बेटे के लिए कथित तौर पर फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करवाए थे। बाद में इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सोहन लाल सिंह ने डेंटल असिस्टेंट का प्रशिक्षण प्राप्त किया और जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल की।
क्राइम ब्रांच ने जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोप स्थापित होने का दावा किया है। इसके बाद चौथे एडिशनल मुंसिफ जज, जम्मू की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया है।
