Jammu : आजाद के जम्मू दौरे से पूर्व जीए मीर को हटाने की मांग
कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह के बीच शुक्रवार को जीए मीर को हटा उनकी जगह नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की गई। इसके अलावा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद का जम्मू दौरा सफल बनाने पर भी जोर दिया गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता : कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह के बीच शुक्रवार को जीए मीर को हटा उनकी जगह नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की गई। इसके अलावा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद का जम्मू दौरा सफल बनाने पर भी जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे एकजुट होकर जनहित के लिए काम करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के जम्मू के तीन दिवसीय दौरे के मद्देनजर सैनिक कालोनी में रखी गई पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह ने यह मांग उठाई।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए जय सिंह ने कहा कि इस बैठक का मकसद जम्मू के दौरे पर पहुंच रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद का जम्मू पहुंचने पर स्वागत करने के लिए तैयारियों और उनके समक्ष उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा करना था। उन्होंने कहा कि शनिवार को आजाद जम्मू पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न मसलों पर चर्चा की गई जिन्हें आजाद के समक्ष उठाया जाना है।
जम्मू-कश्मीर में पार्टी को मजबूत बनाने और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया जो पार्टी के खिलाफ चल रहे हैं। इसके अलावा बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दाम के खिलाफ एकजुट होकर लोगों के साथ खड़ा होने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर भी कुछ नेता पार्टी विरोधी गतिविधियां में संलिप्त हैं। ऐसे लोगों से पार्टी को नुकसान हो रहा है। पार्टी को बांट कर निहित स्वार्थ देखने वालों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आला कमान के समक्ष उठाना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा से जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय और सचेत रही है। लोगों को गुमराह करने वाले नेताअों और पार्टियों के खिलाफ कार्यकर्ताओं को सक्रियता दिखानी होगी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह शिंगारी, काॅरपोरेटर गौरव चोपड़ा, अश्विनी हांडा, होशियार सिंह, संदीप सिंह, सोम नाथ, संतोष, महेश्वर सलाथिया, अरुण सिंह सन्नी, तरुण मगोत्रा, राजेश्वर सिंह, बलवीर सिंह, प्रवीण सिंह, राज कुमार गोयल, एसएस लाडी, महेश शर्मा, हरकीरत सिंह सासन, बिशम सिंह राजू आदि मौजूद थे।