Jammu: डिग्री कॉलेज खुले, पर जम्मू विश्वविद्यालय नहीं, बीस प्रतिशत कर्मचारी ही पहुंचे
उच्च शिक्षा विभाग के आदेश पर तीस प्रतिशत कर्मचारियों के साथ रोस्टर पर शुक्रवार को डिग्री कॉलेज तो खुल गए लेकिन जम्मू विश्वविद्यालय नहीं खुला।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : उच्च शिक्षा विभाग के आदेश पर तीस प्रतिशत कर्मचारियों के साथ रोस्टर पर डिग्री कॉलेज तो खुल गए, लेकिन जम्मू विश्वविद्यालय नहीं खुला। डिग्री कॉलेजों में करीब बीस प्रतिशत कर्मचारी ही पहुंचे। यूजीसी और उच्च शिक्षा विभाग के आदेश पर विचार-विमर्श करने के लिए वीसी ने वरिष्ठ प्रोफेसरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कहा गया कि वीसी सचिवालय और अन्य प्रशासनिक कार्यालय अपना काम जारी रखेंगे, लेकिन बाहरी लोगों को कैंपस में प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। सभी बैठक डिजिटल तरीके से होंगी।
कर्मचारियों को जिला प्रशासन की तरफ से पास मिले हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि बैठक में कुछ वरिष्ठ प्रोफेसरों व अहम पदों पर बैठे अधिकारियों ने कोरोना वायरस से उपजे हालात में आने से आनकानी की। आयु को लेकर तर्क दिए। आखिर में फैसला हुआ कि अगले चार पांच दिनों में सैनिटाइज करने के बाद विवि कैंपस को खोला जाएगा। हालांकि, वीसी ने काफी दिन पहले ही टास्क फोर्स और एक दर्जन से अधिक कमेटियों का गठन किया गया था। इन कमेटियों को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हैरानी की बात यह है कि विश्वविद्यालय ने सैनिटाइज करने समेत अन्य प्रबंध करने के लिए अब अगले चार-पांच दिन का समय मांगा है। विश्वविद्यालय में साफ सफाई भी होनी है।
कॉलेजों के विभागाध्यक्षों ने बनाए रोस्टर डिग्री कॉलेजों को खोलने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सक्रियता दिखाई हैं। कॉलेजों में विभागों के अध्यक्ष पहुंचे और रोस्टर बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। नोडल प्रिंसिपल रविंद्र टिक्कू ने बताया कि विभागों के अध्यक्षों ने कॉलेजों में पहुंच कर रोस्टर बनाए हैं। सोमवार से तीस प्रतिशत स्टाफ के साथ काम शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को बीस प्रतिशत से अधिक स्टाफ पहुंच गया था। हमारा कार्यालय तो पहले आवश्यक कामकाज के भी खुला रहा था। हम शारीरिक दूरी समेत सभी सुरक्षा के सभी नियमों का पालन कर रहे है। कॉलेजों ने जम्मू नगर निगम से सैनिटाइजेशन के लिए कहा है। साथ में जिला प्रशासन से मूवमेंट पास के लिए भी कहा गया है।
जम्मू विवि ने ये किए फैसले: अगले चार पांच दिनों में विश्वविद्यालय के कार्य स्थल और कार्यालय सैनिटाइज होंगे। मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद डिप्टी रजिस्ट्रार और उसके ऊपर के स्तर के कार्यालयों को खोला जाएगा। जिन कर्मचारियों की आयु साठ साल या अधिक है या जिन कर्मचारियों के दस साल से कम की आयु के बच्चे है, वे घरों से ही काम करेंगे। विश्वविद्यालय जिला प्रशासन से कर्मचारियों के लिए मूवमेंट पास और ट्रांसपोर्ट के प्रबंध करने के मुद्दे उठाएगा। यह सारे प्रबंध होने के बाद तीस प्रतिशत कर्मचारियों को रोस्टर के हिसाब से बुलाया जाएगा। प्रतिबंधित जोन या क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारी को जम्मू विवि में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ये कर्मचारी अपने घरों से ही काम करेंगे। अगले आदेश तक सभी परीक्षाएं स्थगित की गई है। विश्वविद्यालय जल्द ही अकादमिक गतिविधियों का कैलेंडर जारी करेगा। तीस मई तक की अवधि को जम्मू विश्वविद्यालय तैयारियों के लिए मांगेगा। इस दौरान विश्वविद्यालय आवश्यक ढांचागत, सुरक्षा उपकरण, आदि का प्रबंध होगा। यूजीसी और कोविड-19 को लेकर जारी दिशा निर्देशों के तहत रिवाइज कैलेंडर जारी होगा।
जब तक क्लास वर्क शुरू नहीं हो जाता तब तक हॉस्टल बंद रहेंगे। किसी भी विद्यार्थी, बाहरी युवाओं का विवि कैंपस में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अगले आदेश तक गेस्ट हाउस, कैफेटेरिया, कैंटीन, सेंट्रल लाइब्रेरी, विभागों की लाइब्रेरियां बंद रहेंगे। अध्यापक बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा देते रहेंगे। डीन रिसर्च स्टडीज की तरफ अधिसूचित स्कालर ऑनलाइन रिसर्च का काम करते रहेंगे। जम्मू विवि रिसर्च गतिविधियों के लिए कैलेंडर तैयार करेगा। हॉस्टलों को सैनिटाइज किया जाएगा। सेंट्रल लाइब्रेरी में री¨डग रूम, विभागों की लैब को सैनिटाइज किया जाएगा। शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया जाएगा। स्टूडेंट हेल्प लाइन के जरिए विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारियां देने का सिलसिला जारी रहेगा। सभी कर्मचारियों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप का होना आवश्यक बनाया गया है।