Kashmir: LoC पर हिमस्खलन में लापता हुए युवक का डेढ़ माह बाद मिला शव
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद दिवंगत काशव उसके परिजनों के हवाले कर दिया। दिंवगत की पहचान जावेद अहमद लोन के रुप में हुई है।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उत्तरी कश्मीर में एलओसी के साथ सटे गुरेज सेक्टर में करीब डेढ़ माह पहले हिमस्खलन के दौरान लापता हुए युवक का शव वीरवार को मिल गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
यहां मिली जानकारी के अनुसार गत 15 फरवरी को गुरेज सेक्टर में डांगीथल तुलाई गांव के दो युवक बीएड की परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे थे। हिमपात के कारण सड़क बंद थी। दोनों ने पहाड़ी रास्ते से पैदल ही घर की ओर जाने का फैसला लिया।
जब ये दोनों युवक चक नाला के पास पहुंचे तो अचानक से हिमस्खलन हुआ। इससे पहले कि वे सुरक्षित स्थान पहुंचे दोनों उसकी चपेट में आ गए। बर्फ के साथ बहते हुए दोनों अछूरा के नजदीक किशनगंगा दरिया में गिर गए। स्थानीय लोगों को जब इस बारे में पता चला वे बचाव के लिए वहां पहुंच गए।
बचाव दल ने इस दौरान एक युवक को तो बचा लिया लेकिन दूसरे युवक का कोई अतापता नहीं चल पाया। उसका पता लगाने के लिए पुलिस, सेना और एसडीआरएफ के बचावकर्मियों ने करीब 11 दिनों तक अभियान चलाया। परंतु सफलता नहीं मिली। बर्फ अधिक होने की वजह से युवक को ढूंढा नहीं जा सका।
पुलिस ने बताया कि आज सुबह मरकूट गांव के पास किशनगंगा दरिया में उसका शव स्थानीय लोगों ने देखा। उन्होंने उसी समय पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान जावेद अहमद लोन के रुप में हुई है।