विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कुछ घंटे काम, हजारों की कमाई'... आपको तो नहीं आया ऐसा जॉब ऑफर? जम्मू में ठगी का नया पैंतरा, पुलिस ने किया अलर्ट

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:21 PM (GMT+05:30)

साइबर ठग पार्ट-टाइम नौकरी का लालच देकर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं, जिसमें वे आकर्षक वेतन का झांसा ...और पढ़ें

जम्मू में पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर ठगी का नया जाल। (फाइल फोटो)

जम्मू में पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर ठगी का नया जाल। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. साइबर ठग पार्ट टाइम नौकरी का लालच देकर लोगों को फंसा रहे हैं।

  2. अज्ञात नंबरों से बैंक विवरण और ओटीपी मांगने से बचें।

  3. जम्मू पुलिस ने फर्जी नौकरी ऑफर्स से सतर्क रहने की अपील की।

जागरण संवाददाता, जम्मू। घर बैठे पार्ट टाइम नौकरी कर हर महीने मोटी कमाई का सपना दिखाकर साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से आने वाले मैसेज में आसान काम के बदले आकर्षक वेतन देने का लालच दिया जाता है। नौकरी में रुचि दिखाने पर ठग धीरे-धीरे पीड़ित से व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हासिल करते हैं और बाद में खाते से रकम निकाल लेते हैं। जम्मू पुलिस ने लोगों को ऐसे फर्जी नौकरी के ऑफर से सतर्क रहने की अपील की है।

साइबर ठग आमतौर पर लोगों को व्हाट्सएप या मोबाइल मैसेज के माध्यम से संपर्क करते हैं। संदेश में कहा जाता है कि घर बैठे कुछ घंटे काम कर अच्छी आमदनी की जा सकती है।

बेरोजगार युवाओं, गृहिणियों और अतिरिक्त आमदनी की तलाश कर रहे लोगों को विशेष रूप से आकर्षक ऑफर दिए जाते हैं। बातचीत आगे बढ़ने पर ठग नौकरी की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर बैंक खाते की जानकारी, कार्ड डिटेल, ओटीपी या अन्य निजी जानकारी मांग सकते हैं।

कई मामलों में पीड़ितों को लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने या कोई एप डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है। इसके बाद साइबर ठग खाते से रकम निकालने या अन्य तरीके से आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

लालच में आकर जानकारी साझा न करें'

एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने लोगों को आगाह किया है कि अज्ञात नंबर से आने वाले नौकरी या कम समय में अधिक कमाई के आफर पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम/डेबिट कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें।

नौकरी देने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पहले पैसे जमा करवाने या बैंक संबंधी जानकारी मांगता है तो उसे गंभीर संकेत मानते हुए सावधान हो जाना चाहिए।

इन बातों का रखें ध्यान

अज्ञात नंबर से आए पार्ट टाइम जाब आफर की तुरंत प्रतिक्रिया न दें।
कंपनी और नौकरी की पूरी जानकारी स्वतंत्र रूप से जांचें।

किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन या बैंक पासवर्ड न बताएं।
व्हाट्सएप या एसएमएस से आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
नौकरी के नाम पर पहले पैसे जमा करने की मांग हो तो सतर्क हो जाएं।
किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस या संदिग्ध एप इंस्टॉल न करें।
बैंक खाते में अचानक हुई संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत बैंक से संपर्क करें।
ठगी होने पर समय गंवाए बिना 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें और संबंधित साइबर पुलिस से संपर्क करें।