जम्मू: सब्जी लेने निकला था अनुराग, गाड़ी हटाने को कहा तो भड़के युवक, फिर कर दिया कातिलाना हमला
जम्मू के बनतालाब में गाड़ी हटाने को कहने पर 23 वर्षीय युवक अनुराग चिब पर तेजधार हथियार से हमला किया ...और पढ़ें

जम्मू में गाड़ी हटाने को कहने पर युवक पर जानलेवा हमला। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
जम्मू के बनतालाब में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ।
युवक अनुराग चिब पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान की, उनकी तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के बनतालाब इलाके में गाड़ी को हटाने का कहने पर एक युवक पर दो गाड़ियों पर सवार होकर आए युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों बाजूओं पर गंभीर चाेटें आई हैं और परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए जम्मू से बाहर ले गए हैं।
घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय अनुराग चिब के रूप में हुई है और उसने हमलावरों में एक की पहचान अर्जुन के रूप में बताई है।
सब्जी लेने निकला था अनुराग
अनुराग ने बताया कि वह शाम काे घर से बाहर सब्जी लेने निकला था। सब्जी की दुकान उसके घर के पास ही है और वह जब वहां पहुंचा तो वहां पर दो गाड़ियां लगी थीं, जिनमें आठ से दस युवक सवार थे। उसने एक युवक को गाड़ी को कुछ आगे करने को कहा, लेकिन उसी समय गाड़ियों से सभी युवक निकल आए और उन्होंने उस पर हमला कर दिया।
इस दौरान कुछ युवकाें ने तेजधार हथियार भी निकाल लिए। उसने एक युवक से हथियार छीन भी लिया लेकिन दूसरे युवकों ने उस पर वार कर दिए। अनुराग की बाजुओं पर गंभीर चोटें लगी और हमलावर उसे घायल कर फरार हो गए।
अनुराग की बाजुओं पर गंभीर चोटें
उधर, हमले की सूचना मिलने के बाद अनुराग के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उसे जीएमसी अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसकी बाजुओं की सर्जरी की बात कही।
इसके बाद परिजन उसे जम्मू से बाहर ले गए ताकि उसका बेहतर उपचार करवा सकें। उधर इस मामले के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों में कुछ की पहचान कर ली गई है। उन्हें दबोचने के प्रयास जारी है।
