विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में शातिर चोरों का कारनामा! ग्रिल काटकर घुसे, कमरा अंदर से किया बंद; गहने उड़ा ले गए, बगल में सोता रहा परिवार

Published: Tue, 15 Sep 2026 12:57 PM (IST)

जम्मू के पलौड़ा इलाके में चोरों ने एक घर की लोहे की ग्रिल काटकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चुरा ...और पढ़ें

खिड़की पर लगी मजबूत लोहे की ग्रिल को काट कर अंदर घूसे चोर।

खिड़की पर लगी मजबूत लोहे की ग्रिल को काट कर अंदर घूसे चोर।

HighLights

  1. चोरों ने घर की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया।

  2. खाली कमरे को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण चुराए।

  3. परिवार सोता रहा, सुबह चोरी का पता चला।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और मामला सामने आया है। रात के अंधेरे में चोर घर की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को भनक तक नहीं लगी। चोरों ने घर के एक खाली कमरे को निशाना बनाया और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानीपुर के पलौडा इलाके में हुई इस वारदात की तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि खिड़की पर लगी मजबूत लोहे की ग्रिल को काटा गया है। इसके बाद चोर इसी रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए।

परिवार के सदस्य ने बताया कि चोरों ने कमरे में प्रवेश करने के बाद दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने आराम से कमरे की तलाशी ली और अलमारी के लाकर को तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया।

ग्रिल कटी मिली तो चोरी का शक हुआ गहरा

सुबह करीब साढ़े चार बजे परिवार के सदस्य उठे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्हें लगा कि शायद परिवार का कोई सदस्य कमरे में सो रहा होगा। बाद में जब परिवार के सभी सदस्यों से पूछा गया तो पता चला कि अंदर कोई नहीं था। इसके बाद शक गहराया और जब खिड़की की तरफ देखा गया तो लोहे की ग्रिल कटी हुई मिली।

सोने-चांदी के आभूषण गायब

कमरे के अंदर अलमारी का लाकर भी टूटा हुआ था और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। परिवार को आशंका है कि चोर को घर और कमरों की जानकारी रही होगी। खास बात यह है कि परिवार के अधिकांश सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे, जबकि चोरों ने उसी कमरे को निशाना बनाया, जो खाली था।

घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।