'बेटी नाबालिग है, फिर निकाह कैसे?', 4 महीने से लापता 16 साल की बेटी के लिए पिता ने जम्मू पुलिस से लगाई मदद की गुहार
सिदड़ा से चार महीने पहले लापता हुई 16 वर्षीय राकिया मिराज के पिता ने पुलिस से बेटी की बरामदगी की ...और पढ़ें

4 महीने से लापता बेटी के लिए पिता ने पुलिस से मांगी जांच। (फाइल फोटो)
HighLights
पिता ने 16 वर्षीय लापता बेटी राकिया मिराज की बरामदगी की गुहार लगाई।
नाबालिग के कथित निकाह और मेडिकल पर गंभीर सवाल उठाए गए।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर राजौरी में प्रयास किए।
जागरण संवाददाता, जम्मू। सिदड़ा क्षेत्र से करीब चार महीने पहले लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग राकिया मिराज की बरामदगी को लेकर उसके पिता ने पुलिस से गुहार लगाई है। पिता का आरोप है कि बेटी को कुछ लोगों ने अपने कब्जे में रखा हुआ है और उस पर दबाव बनाकर फोन पर उनकी बात करवाई जा रही है। उन्होंने पुलिस से बच्ची को तत्काल सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
पिता अब्दुल मिराज के अनुसार, उनके पास बेटी की उम्र से संबंधित आधार कार्ड और स्कूल प्रमाणपत्र मौजूद हैं। उनका कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि बेटी का निकाह कर दिया गया है और उसका मेडिकल भी करवाया गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बच्ची नाबालिग है तो उसका निकाह किसने करवाया और कथित मेडिकल किस डाक्टर या अस्पताल में हुआ। उन्होंने इन सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बेटी की तलाश में चार महीने से भटक रहा परिवार
पिता ने शम्मा, इरफान और पुट्टू नाम के लोगों के संबंध में भी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बेटी पहले परिचित लोगों के संपर्क में थी और बाद में सिदड़ा से लापता हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने से वह थाना नगराेटा और सिदड़ा पुलिस चौकी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी।
नाबालिग के अपहरण का केस दर्ज
वहीं, चौकी प्रभारी सिदड़ा अभिषेक सिंह ने बताया कि नगरोटा पुलिस थाने में नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज है। राजौरी में पुलिस टीम पीड़िता को बरामद करने के लिए गई थी, लेकिन वहां पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की गई थी। जिस कारण पीड़िता को बरामद नहीं किया जा सका था। पुलिस मामले में लगातार प्रयास कर रही है।
