विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऐसी मोहब्बत किस काम की! मां के लिव-इन पार्टनर ने ईंट से कुचलकर ली मासूम की जान, जम्मू में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात

Published: Fri, 07 Aug 2026 06:03 PM (IST)

Jammu Crime News: बिश्नाह में 11 वर्षीय रोहित कुमार की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपी रवि ...और पढ़ें

लिव-इन पार्टनर ने 11 वर्षीय मासूम को रास्ते का रोड़ा मानकर की हत्या।

लिव-इन पार्टनर ने 11 वर्षीय मासूम को रास्ते का रोड़ा मानकर की हत्या। 

HighLights

  1. बिश्नाह में 11 वर्षीय बच्चे की ईंट से हत्या।

  2. आरोपी ने खुद मीरां साहिब थाने में आत्मसमर्पण किया।

  3. बच्चे को लिव-इन संबंध में बाधा मानता था आरोपी।

संवाद सहयोगी, बिश्नाह: रिश्तों के उलझे ताने-बाने ने एक 11 वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली। जम्मू के बिश्नाह क्षेत्र के चक मुरार में बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 11 वर्षीय रोहित कुमार उर्फ काका की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपित शव को खेत में फेंककर फरार हो गया। हालांकि कुछ ही देर बाद वह स्वयं मीरां साहिब थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपित के खुलासे के बाद पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी।

पहले जानिए मामला क्या है

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, डोडा निवासी कांता देवी पहले दो शादियां कर चुकी थी। पिछले कुछ समय से मीरां साहिब के गांव खोड़ दयोनियां निवासी रवि कुमार पुत्र गारा राम के साथ लिव-इन में रह रही थी।

जांच में सामने आया है कि कांता देवी का 11 वर्षीय बेटा रोहित आरोपित को पसंद नहीं था। पुलिस का मानना है कि आरोपित बच्चे को अपने संबंधों में बाधा मानता था और इसी वजह से उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

ऐसे दिया घटना को अंजाम

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम रवि कुमार रोहित को अपने साथ चक मुरार के सुनसान क्षेत्र में ले गया। वहां कथित तौर पर ईंट से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव खेत में फेंककर फरार हो गया। देर रात तक रोहित के घर नहीं लौटने पर उसकी मां और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

खुद थाने पहुंच गया आरोपी रवि

काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर बाड़ी ब्राह्मणा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी बीच घटनाक्रम ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब आरोपित रवि कुमार स्वयं मीरां साहिब थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने एक बच्चे की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही पुलिस आरोपित को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां से बच्चे का शव तथा वारदात में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद की गई। घटनास्थल बिश्नाह थाना क्षेत्र में होने के कारण थाना प्रभारी दीपक ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप-जिला अस्पताल बिश्नाह भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।

तीन बहनों का इकलौता भाई था रोहित 

बताया जाता है कि रोहित अपनी मां और तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में इस वारदात को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।