Crime Branch Jammu: मकान बेचने के नाम पर ठग लिए 45 लाख क्राइम ब्रांच ने किया मामला दर्ज
Crime Branch Jammu सरदारी लाल ने क्राइम ब्रांच को बताया कि राकेश गुप्ता और रविंद्र गुप्ता ने उसे चंपा देवी के साथ मिलाया था। उन्होंने बताया था कि चंपा देवी गांधी नगर एक्सटेंशन स्थित अपना मकान बेचना चाहती है जो एक कलान भूमि पर बना है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: शहर के पाॅश गांधी नगर में एक मकान बेचने के नाम पर 45 लाख रुपये ठगने के तीन आरोपितों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है। ठगों में एक महिला भी शामिल है जो उस मकान की मालकिन है जिसे बेचने का सौदा 1 करोड़ 92 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोपितों में राकेश कुमार गुप्ता निवासी शिंगारी एंक्लेव, त्रिकुटा नगर, रविंद्र गुप्ता निवासी त्रिकुटा नगर और मकान मालकिन चंपा देवी निवासी राजेंद्र नगर, केनाल रोड जम्मू शामिल हैं।
यह मामला क्राइम ब्रांच ने शिकायतकर्ता सरदारी लाल निवासी गांधी नगर की शिकायत पर दर्ज किया। सरदारी लाल ने क्राइम ब्रांच को बताया कि राकेश गुप्ता और रविंद्र गुप्ता ने उसे चंपा देवी के साथ मिलाया था। उन्होंने बताया था कि चंपा देवी गांधी नगर एक्सटेंशन स्थित अपना मकान बेचना चाहती है जो एक कलान भूमि पर बना है। सरदारी लाल के साथ आरोपितों ने मकान का सौदा 1 करोड़ 92 लाख रुपयों में तय किया और उससे एडवांस में 45 लाख रुपये ले लिए जबकि बाकी पैसे सेल डीड के बाद देना तय हुआ।
सरदारी लाल के अनुसार एडवांस पैसे देने के बाद वह बीमार पड़ गया और कुछ समय तक उसका उपचार चलता रहा। ठीक होने के बाद उसने आरोपितों से मकान की सेल डीड बनाने को कहा तो आरोपित टाल मटौल करने लगे। बाद में उसे पता चला कि आरोपिताें ने उस मकान को किसी और को बेच दिया है और इस तरह से उन्होंने उसके साथ धोखा किया।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और आरोप सही पाए जाने पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपितों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।