Coronavirus in Jammu Kashmir: कोरोना मरीजों से भरे जम्मू के निजी अस्पताल, नहीं मिल रहा बिस्तर
पांच बिस्तर ही खाली हैं। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीटयूट आफ मेडिकल सांइसेस सौरा में 270 बिस्तरों में से 183 पर मरीज भर्ती हैं। सीडी अस्पताल श्रीनगर में 104 में से 77 पर मरीज भर्ती हैं। हालांकि अभी जिला अस्पतालों में बिस्तर खाली हैं और वहां पर मरीजों की संख्या कम हैं।
जम्मू, रोहित जंडियाल: जम्मू-कश्मीर में सिर्फ 22 दिनों में 24 हजार कोरोना संक्रमित मरीज आने से एक बार फिर से अस्पताल मरीजों से भरने लगे हें। कई प्रमुख सरकारी अस्पतालों में जहां पचास फीसद से अधिक बिस्तर भर गए हैं। वहीं निजी अस्पताल लगभग मरीजों से भर गए हैं। इन अस्पतालों में मरीजों को बिस्तर नहीं मिल रहा है। मरीज भर्ती होने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। डाक्टरों का कहना है कि अगर स्थिति ऐसी ही रही तो आने वाले दिनों में सरकारी अस्पतालों में भी दिक्कत हो सकती है।
जम्मू संभाग में इस समय दो ही निजी अस्पतालों में कोविड 19 के मरीजों के इइलाज की व्यवस्था है। इनमें नारायणा अस्पताल और आचार्य श्री चंद्र कालेज आफ मेडिकल सांइसेस जम्म्मू शामिल है। नारायणा अस्पताल में कोविड 19 के मरीजों के लिए 70 बिस्तर हैं। इनमें दस इंटेंसिव केयर यूनिट के हैं। सभी 70 बिस्तरों पर मरीज भर्ती हैं। इस अस्पताल में इस समय किसी भी मरीज को बिस्तर नहीं मिल रहा है। अस्पताल में कई मरीज भर्ती होने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं आचार्य श्री चंद्र कालेज आफ मेडिकल सांइसेस और अस्पताल में कोविड 19 के मरीजों के लिए कुल 108 बिस्तर रखे हुए हैं। इनमें आठ बिस्तर आइसीयू में रखे गए हैं। इस अस्पताल में आइसीयू के सभी आठ बिस्तर मरीजों से भरे हुए हैं जबकि अन्य बिस्तरों पर 72 मरीज भर्ती हैं। निजी अस्पतालों में आइसीयू में एक भी बिस्तर नहीं है। जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर डा. राघव लंगर ने दोनों ही अस्पतालों को अपने यहां कोविड के मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाने को कहा है।
वहीं सरकारी अस्पपतालों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू में कुल 203 बिस्तर हैं। इनमें 83 आइसीयू के हैं। आइसीयू के तीस बिस्तर भरे हुए हैं जबकि अन्य 132 बिस्तरों पर भी मरीज भर्ती हैं। इस अस्पताल में करीब 70 फीसद बिस्तर भरे हुए हैं। वहीं गांधीनगर के जच्चा-बच्चा अस्पताल में 162 बिस्तर हैं। इनमें से 45 पर मरीज भर्ती हैं। हालांकि अभी सीडी अस्पताल के 110 बिस्तर पूरी तरह से खाली हैं।
इसी तरह कश्मीर संभाग में श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में 93 बिस्तरों में से 52 पर कोविड के मरीज भर्ती है। आइसीयू के 11 बिस्तरों में से छह पर मरीज भर्ती हैं। पांच बिस्तर ही खाली हैं। शेर-ए-कश्मीर इंस्टीटयूट आफ मेडिकल सांइसेस सौरा में 270 बिस्तरों में से 183 पर मरीज भर्ती हैं। सीडी अस्पताल श्रीनगर में 104 में से 77 पर मरीज भर्ती हैं। हालांकि अभी जिला अस्पतालों में बिस्तर खाली हैं और वहां पर मरीजों की संख्या कम हैं।
स्वास्थ्य विभाग के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि अभी अधिकांश मरीज घरों में ही रहकर अपना इलाज कर रहे हें। लेकिन अगर इसी तरह से मरीजों की संख्या बढ़ती रही तो बहुत जल्दी जम्मू और श्रीनगर के सरकारी अस्पतालों में भी कोविड के मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ानी पड़ेगी। एक दिन पहले ही स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्तिय आयुक्त अटल ढुल्लू ने भी यह स्वीकार किया था कि कोरोना के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।